कुर्की कार्रवाई से पूर्व 3 सम्पत्ति मालिकों ने जमा करवाएं 2 लाख 30 हजार रुपये।
डिफाल्टर संस्थानों पर कार्रवाई रहेगी जारी, 18 कुर्की आदेश जल्द होंगे जारी- निगमायुक्त।
करनाल 9 अक्तूबर/
सम्पत्ति कर डिफाल्टरों के विरूद्घ नगर निगम करनाल ने एक ओर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। गुरूवार को शहर की 8 वाणिज्यिक सम्पत्तियों पर कार्रवाई के लिए प्रवर्तन दल पहुंचा। इन सम्पत्तियों पर करीब 27 लाख 72 हजार रुपये का सम्पत्ति कर लंबे समय से बकाया चला आ रहा था, जिस कारण यह डिफाल्टर की श्रेणी में थे। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी। कार्रवाई की जानकारी देते उन्होंने बताया कि गुरूवार को 11 सम्पत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की जानी थी। इनमें से 3 सम्पत्तियों को सील कर अटैच कर लिया गया। इनमें एक सम्पत्ति दयानंद कॉलोनी तथा 2 सेक्टर-3 एच.एस.आई.आई.डी.सी. की हैं। कार्रवाई आगे बढ़ी तो 3 ने मौके पर ही करीब 4 लाख 69 हजार रुपये सम्पत्ति कर भर दिया। इसके अतिरिक्त  2 सम्पत्ति मालिकों द्वारा अंडरटेंकिंग देकर सम्पत्ति कर जमा करवाने के लिए 2 से 7 दिनों की मोहलत मांगी गई। अगर दिए गए समय में यह टैक्स जमा नहीं करवाएंगे, तो उनकी सम्पत्ति की कुर्की कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 बकायादारों ने कुर्की की कार्रवाई शुरू होने से पूर्व ही 2 लाख 30 हजार रुपये सम्पत्ति कर अदा कर दिया, जिससे वह कार्रवाई से बच गए।
इन सम्पत्तियों को किया कुर्क- कार्रवाई के दौरान 3 डिफाल्टर सम्पत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की गई है। इनमें दयानंद कॉलोनी स्थित एलीगेंट डिजाईन सम्पत्ति कर 1 लाख 31 हजार रुपये, सेक्टर-3 एच.एस.आई.आई.डी.सी. में 254 नम्बर इंडस्ट्री सम्पत्ति कर 1 लाख 77 हजार रुपये तथा यहीं की ही 110 नम्बर इंडस्ट्री सम्पत्ति कर 2 लाख 44 हजार रुपये है,  इन तीनों सम्पत्तियों को सील किया गया है। इन सम्पत्तियों को हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 की धारा 130 के तहत अटैच किया गया है।
इन सम्पत्ति मालिकों ने मौके पर जमा करवाया प्रॉपर्टी टैक्स- अटैचमेंट कार्रवाई के दौरान 3 सम्पत्ति मालिकों ने मौके पर सम्पत्ति कर जमा करवाया है। इनमें अल्फा सिटी स्थित आई.एन.आर. प्रॉपर्टीज सम्पत्ति कर 2 लाख 31 हजार रुपये, सेक्टर-3 एच.एस.आई.आई.डी.सी. स्थित 167 नम्बर पारस फीड इंडस्ट्री ने 1 लाख 4 हजार रुपये तथा न्यू बहादुर चंद कॉलोनी स्थित 788 नम्बर प्रॉपर्टी मालिक ने 1 लाख 34 हजार रुपये मौके पर ही सम्पत्ति कर जमा करवाया है। इस बीच दयानंद कॉलोनी स्थित एलीगेंट डिजाईन के सम्पत्ति मालिक द्वारा सील होने के पश्चात करीब 1 लाख 31 हजार रुपये सम्पत्ति कर जमा करवा दिया गया।
नोटिस के बावजूद भी नहीं किया गौर- उन्होंने बताया कि सम्पत्ति कर एकत्र करने को लेकर उपरोक्त सभी सम्पत्ति मालिकों को 3-3 नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद इन्हें व्यक्तिगत तौर पर जाकर अटैचमेंट का नोटिस भी जारी किया गया था, परंतु सम्पत्ति मालिकों के द्वारा इसे गम्भीरता से नहीं लिया गया, जिसके चलते अटैचमेंट की कार्रवाई गई। कार्रवाई को अंजाम देने के लिए उप निगम आयुक्त अभय सिंह को ड्यूटि मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था, जबकि क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अंकुश पराशर, कर अधीक्षक गगनदीप सिंह व सुनील कुमार, प्रवर्तन दल में सहायक जितेन्द्र मलिक, लिपिक हर्ष कुमार, गौरव राणा, प्रदीप कुमार, अंकित बंसल व शैलेन्द्र पांडे तथा पुलिस फोर्स मौजूद रही।
18 कुर्की आदेश जल्द होंगे जारी- नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि सम्पत्ति कर बकायादारों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। इसके लिए 18 ओर कुर्की आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक करीब 18 करोड़ 7 लाख रुपये सम्पत्ति कर जमा हो चुका है। उन्होंने कहा कि यदि अटैचमेंट की गई सम्पत्तियों के मालिकों द्वारा सम्पत्ति कर जमा नहीं करवाया जाता, तो उनकी सम्पत्तियों को नीलाम कर नगर निगम सम्पत्ति कर वसूल करेगा। उन्होंने यह भी चेताया की कुर्की की गई सम्पत्तियों से अगर कोई व्यक्ति किसी प्रकार की छेड़छाड़ करता है, तो उसके विरूद्घ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बकायादारों को स्पष्टï किया कि वह जल्द से जल्द अपना बकाया सम्पत्ति कर जमा करवा दें और कुर्की की कार्रवाई से बच जाएं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *