महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस पर निगदु में निकाली गई भव्य शोभायात्रा
विधायक भगवानदास कबीरपंथी रहे मुख्य अतिथि
करनाल, 7 अक्तूबर। 
महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में गत दिवस गांव निगदु में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजसेवी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस अवसर पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिसमें झांकियों, बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन का सुंदर चित्रण किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि सच्चे संकल्प, साधना और आत्मबल से व्यक्ति किसी भी ऊँचाई को प्राप्त कर सकता है। वाल्मीकि जी केवल रामायण के रचयिता ही नहीं, बल्कि मानवता, समानता और न्याय के प्रतीक भी हैं। उनका जीवन समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि आज के समय में समाज को महर्षि वाल्मीकि जी के दिखाए मार्ग पर चलने की सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने अंधकार से प्रकाश की ओर, अन्याय से न्याय की ओर और भेदभाव से समानता की ओर बढ़ने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि समाज में हर व्यक्ति को वाल्मीकि जी के विचारों को अपनाकर आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता को मजबूत करना चाहिए।
इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष चौधरी राजपाल नंबरदार हैबतपुर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा देती हैं। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि मेहनत, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलकर ही सफलता और सम्मान पाया जा सकता है। यह समारोह रिन्टु वाल्मीकि की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर बाबा हरिदास श्री कृष्ण गोपाल गऊशाला चेयरमैन एवं पूर्व सरपंच वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी कर्म सिंह जाम्बा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने समाज को अज्ञानता से ज्ञान, भेदभाव से समानता और अन्याय से न्याय की दिशा में अग्रसर होने की प्रेरणा दी। आज समाज को उनके दिखाए मार्ग पर चलने की सबसे अधिक आवश्यकता है। वाल्मीकि जी के आदर्श केवल एक युग के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए भी मार्गदर्शक हैं।
कार्यक्रम के अंत में सामाजिक एकता, सद्भावना और महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया। पूरा नगर जय महर्षि वाल्मीकि जी की के जयघोषों से गूंज उठा। इस अवसर पर मुख्य रूप से  मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच चौधरी राजपाल नंबरदार हैबतपुर, वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी कर्म सिंह जाम्बा, उपप्रधान डॉ बलबीर वर्मा,उपप्रधान सुनीता तेहरी, कदम कारसा,बाबू राम स्वामी सीतामाई के साथ साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *