कुरुक्षेत्र। श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के कार्यकारिणी सदस्यों अशोक गर्ग व अंशुल बंसल तथा महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना मैसी के प्रधान मुनीष मित्तल ने बताया कि पंचायत के प्रधान सत्य प्रकाश गुप्ता के सहयोग एवं मार्गदर्शन में समाज के लोगों के लिए अग्रकुल नरेश महाराजा अग्रसेन की कर्मस्थली अग्रवालों की एक मात्र शक्तिपीठ अग्रोहा धाम दर्शन हेतु हर वर्ष की भांति एक दिवसीय निःशुल्क अग्रोहा धाम बस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को सुबह 06:00 बजे अग्रवाल धर्मशाला रेलवे स्टेशन कुरुक्षेत्र से 6 बसें रवाना होगी। 7 अक्तूबर को अग्रोहा धाम में भव्य मेला भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें हरियाणा के अलावा देशभर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भाग लेंगे। मेले में धार्मिक अनुष्ठान, भजन कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न तरह की सामाजिक गतिविधियां आयोजित होगी। इसी के साथ अग्रोहा धाम दर्शन में श्री अग्रसेन मंदिर, कुलदेवी श्री महालक्ष्मी मंदिर, सती मंदिर, वैष्णो देवी गुफा, श्री हनुमान जी के विराट स्वरूप इत्यादि दर्शनीय स्थल भी शामिल है। अशोक गर्ग, अंशुल बंसल व मुनीष मित्तल ने बताया कि यात्रा को लेकर अग्रवाल धर्मशाला में संस्था के सभी सदस्यों की एक बैठक की भी गई। यात्रा को लेकर समाज के लोग बहुत उत्साहित है। उन्होंने कहा संस्था द्वारा आयोजित यात्रा एक सराहनीय कदम है। मुनीष मित्तल ने कहा कि ऐसी यात्राओं से समाज को महाराजा अग्रसेन जी के समाजवाद के सिद्धांतों की जानकारी मिलती है और धर्म के प्रति आस्था बनती है इसीलिए वो अपने पूरे परिवार के साथ यात्रा मे बढ़चढ़ कर भाग लेंगे।
फोटो परिचय : श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत के प्रधान सत्य प्रकाश गुप्ता।
