कुरुक्षेत्र। जिला कुरुक्षेत्र में 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर जिला पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मीटिंग कर जरुरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने मीटिंग में अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वीवीआईपी आगमन को सफल व सुरक्षित सम्पन्न करवाना हम सबकी जिम्मेवारी है इसलिए कर्तव्य पालन में कोई कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र की पावन धरा पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह के आगमन पर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करके सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर हरियाणा पुलिस के 6 एसपी, 20 डीएसपी सहित पुलिस की 22 कम्पनी सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। उन्होनें कहा कि वीवीआईपी आगमन के दौरान ड्यूटी मे किसी प्रकार लापरवाही सहन नही की जाएगी। वीवीआईपी के आगमन के दौरान सुरक्षा डयूटियां दिन व रात की शिफ्टों में तैनात रहेंगी। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आये उप पुलिस अधीक्षक सहित जिले के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी की पुलिस की नजर
ड्रोन व ग्लाइडर उडाने पर रहेगी पाबंदी
वीवीआईपी के कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान कुरुक्षेत्र शहर में किसी भी प्रकार के ग्लाइडर व ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक कुरुक्षेत्र ने बताया कि शहर कुरुक्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी कंपनी या व्यक्तिगत ग्लाइडर या ड्रोन उडाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में सभी थाना प्रभारी व ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं।
