संत निक्का सिंह पब्लिक स्कूल भी घोषित हुआ जीरो वेस्ट विद्यालय।
शहर के चारो जोन में चलाए जा रहे स्वच्छता व जन जागरूकता अभियान, नागरिक स्वच्छता को व्यवहार में करें शामिल।
करनाल 24 सितंबर, 

हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 व सेवा पखवाड़ा के तहत नगर निगम करनाल ने शहर के वार्ड नम्बर 10 को जीरो वेस्ट वार्ड घोषित किया है। इसके लिए विभिन्न बिन्दूओं को लेकर वार्ड का निरीक्षण किया गया था, जिसके आधार पर घोषणा की गई है। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 10 पहले भी आत्म निर्भर वार्ड व स्वच्छ वार्ड घोषित हुआ है। अब जीरो वेस्ट को लेकर वार्ड में कचरा पृथक्करण, गीले कचरे की वार्ड में मौजूद कम्पोस्ट पिट से खाद तैयार करना तथा सिंगल यूज प्लास्टि प्रतिबंध के चलते इसे जीरो वेस्ट वार्ड घोषित किया गया है।  उन्होंने बताया कि जीरो वेस्ट वार्ड की निरंतरता बनाए रखने को लेकर सफाई व अभियंता शाखा से जुड़े कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें वह डोर टू डोर कचरा उठान, मार्केट में मौजूद प्रत्येक दुकानदार व वैंडर के पास हरा व नीला डस्टबिन, एकल प्रयोग प्लास्टिक पूर्णत: प्रतिबंध, वार्ड की सभी सडक़ों व फुटपाथ का उचित रख-रखाव, ग्रीन वेस्ट का उठान, सडक़ किनारे खड़े पेड़ों पर पेंट करवाना, सभी स्ट्रीट लाईट चालू हालत में हों, सभी पार्कों का उचित रख-रखाव व श्रीराम वाटिका को वेस्ट टू वंडर बनाने बारे निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने वार्ड वासियों व दुकानदारों से अपील करते कहा कि वार्ड को जीरो वेस्ट बनाए रखने में वह निगम प्रशासन का सहयोग करें। प्रत्येक दुकानदार व वैंडर के पास हरा व नीला दो डस्टबिन हो तथा कोई भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करे। अगर किसी के पास सिंगल यूज प्लास्टिक मिला तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
संत निक्का सिंह पब्लिक स्कूल भी घोषित हुआ जीरो वेस्ट विद्यालय- उन्होंने बताया कि जरीफा विरान स्थित संत निक्का सिंह पब्लिक स्कूल भी जीरो वेस्ट विद्यालय घोषित हुआ है। इसे लेकर नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन शहरी टीम द्वारा स्कूल का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पांच प्रकार के डस्टबिन का प्रयोग, जीरो गारबेज, कचरा पृथक्करण तथा एकल प्रयोग प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर जांच की गई। इस दौरान विद्यालय स्टाफ व अध्यापकों को प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सेक्टर-13 स्थित ओ.पी.एस. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल को जीरा वेस्ट स्कूल बनाने के लिए एस.बी.एम. टीम ने विद्यालय स्टाफ व अध्यापकों को प्रशिक्षण दिया। टीम ने अध्यापकों से अपील की कि वह रोजाना कक्षा में कम से कम 2 मिनट स्वच्छता विषय पर विद्यार्थियों से बात करें, ताकि बच्चों का स्वच्छता को लेकर व्यवहार परिवर्तन किया जा सके।
रोजाना चलाए जा रहे स्वच्छता व जन जागरूकता अभियान- उन्होंने बताया कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान व स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को जैन गल्जऱ् स्कूल, रेलवे स्टेशन परिसर व नेहरू पैलेस मार्केट में सफाई अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई है। कैथल रोड स्थित चिन्हित एक क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट को साफ-सुथरा किया गया है। जन जागरूकता अभियान को लेकर विभिन्न वार्डों का दौरा कर हाऊस होल्ड, दुकानदार व वैंडर्स को गीला व सूखा कचरा अलग-अलग करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने को लेकर जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *