विदेश मंत्रालय ने की पहल, महोत्सव में विदेश मंत्रालय की तरफ से कुरुक्षेत्र की धरा पर पहुंचेंगे 15 से ज्यादा देशों के 25 स्कॉलर, क्राफ्ट और शिल्प मेले में भी नजर आएगी विभिन्न देशों की शिल्पकला,अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 का होगा 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजन, मुख्य कार्यक्रम होंगे 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक
कुरुक्षेत्र, 24 सितंबर। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पंकज सेतिया ने कहा कि विदेश मंत्रालय की तरफ से पहली बार 40 देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन 40 देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के कुरुक्षेत्र में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा। अहम पहलू यह है कि विदेश मंत्रालय की पहल पर कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में 15 से ज्यादा देशों के 25 स्कॉलर भी पहुंंचेंगे। इस बार महोत्सव के मुख्य कार्यक्रमों का आयोजन 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक किया जाएगा।
केडीबी के सीईओ पंकज सेतिया ने बुधवार को देर सायं लघु सचिवालय के सभागार में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक ली। इससे पहले केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 के 15 नवंबर से 1 दिसंबर तक होने वाले प्रतिदिन के कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस बार अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 21 दिन चलेगा और महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 8 दिन चलेंगे। इस महोत्सव से पहले ही कई कार्यक्रमों का आगाज हो जाएगा। इसमें 4 से 14 नवंबर तक ऑनलाइन गीता क्विज, 15 नवंबर को गीता रन का आयोजन होगा। इसके अलावा 15 नवंबर से 5 दिसंबर तक शिल्प और सरस मेला चलेगा तथा रोजाना सायं के समय पुरुषोत्तमपुरा बाग में भजन संध्या और महाआरती का आयोजन होगा। इस महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक होंगे। इसमें हरियाणा पवेलियन, पार्टनर स्टेट, पुस्तक मेला, जनसम्पर्क विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच पर दिन और सायं कालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम, 24 नवंबर को गीता यज्ञ, गीता पूजन, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, सर्वधर्म सम्मेलन, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर श्रीमदभगवद गीता और पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
केडीबी के मानद सचिव ने कहा कि 25 नवंबर को विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार, ज्योतिसर व सन्निहित सरोवर पर कथा, पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 26 नवंबर को अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार का समापन व पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 27 नवंबर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, 28 से 30 नवंबर को शिक्षा विभाग की तरफ से गीता श्लोकोच्चारण, वाद विवाद, निबंध लेखन, पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी सहित अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 1 दिसंबर को सुबह 9 बजे ज्योतिसर में गीता पाठ और यज्ञ, थीम पार्क में वैश्विक गीता पाठ, विश्वविद्यालय में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन, सायं 5:30 पर सन्निहित सरोवर पर दीपोत्सव, 6 बजे ब्रह्मसरोवर पर दीपदान व आरती तथा पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
सीईओ केडीबी पंकज सेतिया ने कहा कि इस बार विदेश मंत्रालय की पहल करने से महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन 40 से ज्यादा देशों में होगा। इन देशों में प्रदर्शनी, गीता पाठ सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा। इन देशों के नामों की सूची सरकार के पास पहुंच चुकी है। इसके अलावा विदेश मंत्रालय के प्रयासों से 15 से ज्यादा देशों के 25 स्कॉलर भी महोत्सव में पहुंचेंगे और यहां से पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश अपने अपने देशों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने सभी विभागों को ड्यूटियां सौंपते हुए कहा कि इस महोत्सव को सफल बनाने में 22 से ज्यादा विभागों की भागीदारी रहती है। इन सभी विभागों के अधिकारियों को महोत्सव से सम्बन्धित तैयारियां पूरी करने के कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है ताकि समय रहते सभी तैयारियां पूरी हो सके। इस मौके पर एसडीएम डा. चिनार चहल, डीएमसी अमन कुमार, कुरुक्षेत्र 48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबडा, गीता जयंती मेला प्राधिकरण के सदस्य डा. सौरभ चौधरी, प्राधिकरण के सदस्य डा. अवनीत वडैच, केडीबी सदस्य विजय नरुला, अशोक रोसा,डीईओ विनोद कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
20 देशों के राजदूत भी पहुंचेंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में
केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 में 20 से ज्यादा देशों के राजदूत पहुंचेंगे। इसके अलावा गीता रन में भी अंतर्राष्ट्रीय धावकों को आमंत्रित किया जाएगा।
ज्योतिसर अनुभव केंद्र को भी जोड़ेंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ
मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने कहा कि ज्योतिसर अनुभव केन्द्र को भी महोत्सव के साथ जोडा जाएगा। इस ज्योतिसर अनुभव केन्द्र में भी पर्यटक पहुंचे, इसके लिए योजना तैयार की जाएगी और प्रयास किया जाएगा कि हर जिले की युवा पीढ़ी इस अनुभव केन्द्र को देखने के लिए पहुंचे और इसकी जिम्मेवारी शिक्षा विभाग को सौंपी जाएगी।
क्राफ्ट मेेले में 7 देशों की शिल्प कला भी बिखेरेंगे अपने  रंग
अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में 7 देशों के शिल्पकारों को आमंत्रित किया गया है। इन देशों की शिल्पकला को ब्रह्मसरोवर पुरुषोत्तमपुरा बाग में सजाया जाएगा ताकि महोत्सव में आने वाले पर्यटक इस शिल्पकला को देख सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *