चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस जनता के साथ सीधा संवाद बढ़ाएगी। पुलिस अधिकारी लोगों की परेशानी के बारे में जानेंगे और समाधान कराएंगे। 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के अंतर्गत विशेष शिविरों के माध्यम से जनता के साथ संवाद बढ़ाया जाएगा। नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात नियमों का पालन और पराली जलाने की रोकथाम जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्त कार्यालयों, रेंज और जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष अभियान चलाने की योजना है। महिलाओं की सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताते हुए कपूर ने कहा कि यह पहल समाज में आत्मविश्वास और सुरक्षित माहौल पैदा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। संवाद शिविर नागरिकों को सीधे पुलिस अधिकारियों से संवाद करने और सुझाव देने का अवसर प्रदान करेंगे।
