पंचकूला। सामाजिक संकोच या संसाधनों की कमी के कारण अस्पतालों तक पहुंच पाने में असमर्थ माताओं और बहनों के स्वास्थ्य की जांच अब घर पर के पास ही होगी। इसके लिए प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर से हरियाणा सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड से  9 स्तन कैंसर जांच वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैनों के माध्यम से लगभग 75 हजार माताओं और बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शक्ति के सम्मान, उनके स्वास्थ्य की रक्षा और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि ये वैन न केवल जांच करेंगी बल्कि महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता भी प्रदान करेंगी। यह खासकर उन महिलाओं तक पहुंचेगी जो सामाजिक संकोच या संसाधनों की कमी के कारण अस्पतालों तक नहीं पहुंच पातीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सही समय पर जांच और उचित इलाज से ब्रेस्ट कैंसर जैसी बीमारी पर विजय प्राप्त की जा सकती है। यह अभियान महिला स्वास्थ्य और जागरूकता के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर मध्यप्रदेश से राष्ट्रव्यापी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत की है, जो सामाजिक विकास का मूल मंत्र है।

सीएम ने कहा कि नारी परिवार की धुरी होती है। जब नारी स्वस्थ होगी तो परिवार स्वस्थ होगा और जब परिवार सशक्त होगा तो समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनेगा। उन्होंने माताओं और बहनों से अपील की कि वे इस जांच वैन की सुविधा का पूरा लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य को कभी भी नजरअंदाज न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *