करनाल,  8 सितंबर।  जिला व सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार शारदा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सोमवार को पुराना बस स्टैंड पर मेगा लीगल सर्विसिज कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. इरम हसन के पहुंचने पर जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीजेएम डॉ. इरम हसन, जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह, ट्रैफिक मैनेजर रोहताश कुमार व पहचान सोसायटी के प्रेसिडेंट कृष्ण कुमार ने पौधारोपण कर जन साधारण को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। आयोजित कैंप में जिला लोक संपर्क विभाग की टीम ने नुक्कड़ नाटक व गीत के माध्यम से जनसाधारण को नेशनल लोक अदालत व मुफ्त कानूनी सेवाओं बारे जागरूक किया। सीजेएम डॉ. इरम हसन ने नुक्कड़ नाटक की टीम इंचार्ज हिशम सिंह व सदस्य सुमेर सिह, संदीप सैनी, गुलाब सिंह, हेमंत शर्मा व आजाद सिंह को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर आयुष विभाग व सिविल अस्पताल की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन कर जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन संबंधित योजनाओं, क्रिड विभाग द्वारा आधार कार्ड संबंधित, रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा कृत्रिम अंगों, आईटीआई द्वारा औद्योगिक प्रशिक्षण, लीड्स बैंक द्वारा आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रशिक्षण, रोजगार विभाग द्वारा सक्षम योजना व स्टाईपेंड इत्यादि, शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक योजनाओं, बाल कल्याण विभाग द्वारा बाल हित योजनाओं, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड संबंधित योजनाओं बारे जानकारी प्रदान की गई। सीजेएम ने सभी विभागों से आए अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीजेएम ने जन साधारण की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान बताए। उन्होंने मौके पर चार प्रार्थियों के आवेदन लेकर उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता भी प्रदान की। उन्होंने उपस्थित लोगों व बच्चों को इंटरनेशनल लिटरेसी डे की बधाई दी और बच्चों को स्टेशनरी व रिफ्रेशमेंट प्रदान कर उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। सीजेएम ने जीएम रोडवेज कुलदीप सिंह को लोगों व विद्यार्थियों के प्रार्थना पत्र पर अति शीघ्र कार्यवाही करते हुए बसें लगाने व मेगा लीगल सर्विसिज कैंप को सफल बनाने के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया और जन कल्याण में उनके सहयोग के लिए उनकी प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *