अभिनय, संगीत और नृत्य के संगम में दिखी वामन भगवान की महिमा, कला परिषद के कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
———
कुरुक्षेत्र 4 सितम्बर। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा आयोजित वामन द्वादशी मेले में हरियाणा कला परिषद ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी आहुति डाली। भगवान वामन के अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में गत कुछ वर्षों से कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर पर वामन द्वादशी मेले का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जिसे व्यापक रुप देते हुए इस वर्ष अभिमन्युपुर, बरसाना, सौंगल आदि गांव में स्थित तीर्थों पर पर वामन द्वादशी कार्यक्रम आयोजित किये गए। जिसमें हरियाणा कला परिषद के कलाकारों द्वारा भगवान वामन की महिमा का गुणगान किया गया। कुरुक्षेत्र के अभिमन्यु पुर तथा कैथल के सौंगल में यमुनानगर के नीरज कुमार के दल ने वामन भगवान की लीलाओं को दर्शाती नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। वहीं बरसाना में चंचल शर्मा सहित लगभग बीस कलाकारों ने अभिनय, संगीत व नृत्य के माध्यम से वामन गाथा का बखान किया। कलाकारों ने जहां भगवान विष्णु के दशावतार दिखाते हुए मत्स्य, वराह, नृसिंह, परशुराम, कुर्म, वामन, राम, कृष्ण आदि अवतारों के दर्शन लोगों को करवाए। वहीं कत्थक नृत्य के माध्यम से भगवान वामन की स्तुति कर वामन भगवान की महिमा से दर्शकों को अवगत करवाया। कलाकारों का प्रस्तुति इतनी उम्दा रही कि दर्शक कलाकारों के प्रदर्शन के कायल हो गए। वहीं सन्निहित सरोवर पर यमुनानगर के कलाकारों ने वामन भगवान की अवतरण कथा को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत कर वाहवाही बटौरी। इस मौके पर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, जयनारायण शर्मा, रामपाल शर्मा, यशेंद्र शर्मा, आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *