चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा शासित राज्यों में किसानों की खराब हालत पर चिंता जाहिर की है।

हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों को एमएसपी (फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य) की गारंटी का कानून बनाने का भरोसा दिलाया था, मगर आज किसानों को उनकी फसलों के वास्तविक दाम भी नहीं मिल रहे हैं।

किसानों को उनकी बर्बाद फसलों का मुआवजा तक समय से नहीं दिया जाता। आज स्थिति यह है कि फसलों का बीमा करने वाली कंपनियां मालामाल हैं, जबकि जिन किसानों की फसलों का बीमा होता है, उन्हें उनका मुआवजा तक नहीं मिलता।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैदराबाद में संयुक्त आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. डा. वाईएल राजशेखर रेड्डी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष महेश गौड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

रेवंत रेड्डी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम में प्राकृतिक व जैविक खेती को प्रोत्साहित करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डा. सुभाष पालेकर, डा. सी सुधा और डा. नागेश्वर राव को वाईएसआर स्मृति पुरस्कार प्रदान किए। प्रथम पुरस्कार 25 लाख रुपये का है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ कांग्रेस के तीन सांसद वरुण मुलाना, जयप्रकाश जेपी और सतपाल ब्रह्मचारी, पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया, पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा, पूर्व विधायक आनंद सिंह दांगी, पूर्व विधायक संत कुमार, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान, हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, प्रदेश उपाध्यक्ष रहे चक्रवर्ती शर्मा और पूर्व ओएसडी एमएस चोपड़ा भी आंध्रप्रदेश के दौरे पर गए।

वहां भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस सांसदों और पार्टी नेताओं के साथ तिरुमला की पहाड़ियों पर स्थित पवित्र मंदिर भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए, जिन्हें बालाजी के नाम से भी जाना जाता है।

यह दिव्य स्थान दुनिया भर से लाखों भक्तों को आकर्षित करता है जो आशीर्वाद लेने और मंदिर के चारों ओर व्याप्त शक्तिशाली आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करने आते हैं।

तिरुपति बालाजी मंदिर या श्री वेंकटेश्वर मंदिर, भगवान वेंकटेश्वर (भगवान विष्णु) को समर्पित है और अपनी अद्भुत वास्तुकला, भक्तिमय वातावरण और लाखों भक्तों की भीड़ के लिए प्रसिद्ध है।

हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हैदराबाद में “किसान सम्मेलन“ में भागीदारी करने के बाद राज्य के कांग्रेस नेता भगवान श्री तिरूपति बालाजी, मां पद्मावती और मां शिव पार्वती के श्रीकाल हस्ती में दर्शन करने गए।

बता दें कि इससे पहले राजस्थान के जैसलमेर के मोहनगढ़ में हुड्डा ने पूर्व सांसद कर्नल सोना राम चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भूपेंद्र हुड्डा जयपुर में पूर्व विधायक डा. कृष्णा पूनिया के देवर सतीश पुनिया, पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य के बेटे विशुपाल आर्य के निधन पर शोक व्यक्त करने भी पहुंचे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *