हमने टांगरी नदी पर आठ किमी. लंबा बांध बनाकर दिया जिससे आज अम्बाला छावनी को सुरक्षा मिल रही है – मंत्री अनिल विज

नुक्सान केवल उन लोगों का हुआ जिन्होंने टांगरी नदी के अंदर घर बनाए है – मंत्री अनिल विज

हमारे सभी पार्षद व पार्टी पदाधिकारी टोलियां बनाकर अपने-अपने वार्डों में सुबह छह बजे से ही कार्य कर रहे हैं : अनिल विज

अम्बाला/चंडीगढ़, 03 सितम्बर- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में अत्याधिक वर्षा और टांगरी नदी में आए पानी को लेकर कहा कि अम्बाला छावनी में हमने पूरे प्रशासन को अलर्ट किया है।

उन्होंने कहा छावनी के एसडीएम, नगर परिषद के ईओ व अन्य अधिकारियों ने सारी छावनी का दौरा किया है। लगातार बरसात आने से अक्सर पुलियो के नीचे गंदगी फंस जाती है जिसे ठीक किया जा रहा है। हमारे सभी पार्षद व भाजपा पार्टी पदाधिकारी आज प्रात: छह बजे से ही टोलियां बनाकर अपने-अपने वार्डों में स्थिति का जायजा ले रहे हैं व कार्य कर रहे हैं।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि टांगरी नदी में और पानी आने की जानकारी मिली है जिसको लेकर एसडीआरएफ बुला ली गई है और उपायुक्त को सेना से बात कर उन्हें अलर्ट पर रहने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि हमने पहले टांगरी नदी पर आठ किलोमीटर लंबा पक्का बांध बनाकर दिया जिससे अम्बाला छावनी को सुरक्षा मिली है।

उन्होंने बताया कुछ दिन पहले टांगरी नदी में 38 हजार क्यूसिक पानी आया और बांध की वजह से छावनी को सुरक्षा मिली। उन्होंने कहा नदी के पानी से नुकसान केवल उन लोगों का हुआ है जिन्होंने टांगरी नदी के अंदर घर बनाए हुए हैं। उन्हें हमने खुद जा-जाकर बाहर आने को कहा था, मगर वो नहीं आए जिन्हें बाद में एसडीआरएफ एवं प्रशासन ने उन्हें कश्तियों से निकाला तथा उनके ठहरने व भोजन की व्यवस्था की। अब भी भोजन की व्यवस्था करने के लिए स्वयं सेवी संस्थाओं को कहा गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *