केय कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने किया पूर्व छात्रों को सम्मानित
केयू पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा द्वितीय एलुमनाई मीट का आयोजन
कुरुक्षेत्र, 31 अगस्त
। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ ने कहा कि एलुमनी शैक्षणिक संस्थान की अमूल्य धरोहर होते हैं जो संस्थान के चहुंमुखी विकास में निरन्तर योगदान करते हैं। पूर्व छात्र शैक्षणिक संस्थान के उत्थान एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वे रविवार को पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की ओर से सीनेट हॉल में आयोजित द्वितीय एलुमनाई मीट में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, प्रख्यात पूर्व छात्रों एवं प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती को पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।  इसके साथ ही कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा द्वारा विभाग के प्रथम बैच (1969) के पूर्व छात्रों डा. सेवा सिंह, डॉ. जसमेर सिंह एवं डॉ. आर. के. बंसल और  डॉ. कृष्ण गोपाल को पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में  उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि आज इस मंच के माध्यम से पूर्व छात्रों को अपनी पुरानी यादों को सांझा करने का अवसर मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके वरिष्ठों के अनुभवों से प्रेरणा लेने तथा अपने करियर में ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी एलुमनी एसोसिएशन के निदेशक प्रो. अनिल मित्तल ने कहा कि एलुमनी मीट एक सुनहरा अवसर होता है जब किसी शैक्षणिक संस्थान के एलुमनाई एक मंच पर आकर मिलते हैं तथा उस संस्थान को ओर ज्यादा आगे ले जाने का कार्य करते हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. संजीव शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व छात्रों के द्वारा ही संस्थान की विशिष्ट पहचान है तथा पूर्व छात्र शैक्षणिक संस्थान को हर प्रकार से सशक्त करने का अहम कार्य करते हैं।
पूर्व छात्र प्रो. सेवा सिंह, डॉ. आर. के. वर्मा, डॉ. कृष्ण गोपाल, डॉ. जीवेश बंसल एवं डॉ. विनोद ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने विश्वविद्यालय में बिताए अपने अनुभवों को स्मरण किया और अपने संस्थान के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
उद्घाटन सत्र का समापन प्रो. (डा.) जोगिन्दर सिंह द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं सभी पूर्व छात्रों का कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान हेतु आभार व्यक्त किया। एलुमनाई मीट में विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों के बीच संवादात्मक सत्र भी आयोजित हुआ। इस अवसर पर विभाग की यात्रा पर आधारित दृश्य-डॉक्यूमेंट्री तैयार करने के लिए डॉ. आबिद अली को प्रो. संजीव शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। मंच का संचालन डॉ. अंजलि अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. मनोज जोशी, प्रो. जोगिन्दर सिंह, प्रो. अनिल मित्तल, डॉ. अंजलि अग्रवाल, पूर्व छात्र प्रो. सेवा सिंह, डॉ. आर. के. वर्मा, डॉ. कृष्ण गोपाल, डॉ. जीवेश बंसल, डॉ. विनोद, डॉ. आबिद अली सहित विभाग के छात्र व पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *