इंटरनेशनल टीचर डे पर 5 अक्टूबर को श्रीनगर में होगा भव्य सम्मान समारोह
करनाल। शिक्षा, समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करनाल जिले के दो प्राध्यापकों डा. ऋषि पाराशर (रसायन विज्ञान प्रवक्ता, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इन्द्री) और जितेन्द्र शर्मा (गणित प्रवक्ता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अरड़ाना) को राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें इंटरनेशनल टीचर डे के अवसर पर 5 अक्टूबर 2025 को श्रीनगर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से चुनी गईं केवल 51 विभूतियों को आमंत्रित किया गया है।
—————
डॉ. ऋषि पाराशर : शिक्षा और शोध का अनोखा संगम
सामाजिक संस्था राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ के अनुसार डॉ. ऋषि पारासर पिछले 15 वर्षों से शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं और रसायन विज्ञान के प्राध्यापक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनका अध्ययन-अध्यापन के प्रति गहरा लगाव है और वे विशेष रूप से उन छात्रों पर ध्यान देते हैं जो पढ़ाई में पिछड़ जाते हैं। उनके मार्गदर्शन से कई छात्र आज प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं। उच्च शिक्षा में भी उन्होंने अनूठा मुकाम हासिल किया है। वे आठ विषयों में स्नातकोत्तर, दो विषयों में एनईटी उत्तीर्ण, और कानून से शोध कार्य कर चुके हैं। वे सरकार की कई शैक्षिक योजनाओं में मास्टर ट्रेनर रहे हैं और विज्ञान कार्यशालाओं में सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। इसके अलावा वे इको क्लब, विज्ञान क्लब, रेडक्रॉस, स्काउट, हेल्थ क्लब और एनएसएस से भी जुड़े हैं। विज्ञान और शोध के प्रति उनकी गहरी रुचि है; उन्होंने विद्यार्थियों के लिए कई किताबें लिखी हैं और वैज्ञानिक शोध यात्राओं में भाग लेकर उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ा है।
——————-
जितेन्द्र शर्मा : गणित को सरल और प्रेरणादायी बनाया
चेयरमैन नरेश सेलपाड़ के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अरड़ाना में गणित प्रवक्ता जितेन्द्र शर्मा भी पिछले 15 वर्षों से शिक्षा क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। कठिन गणितीय सिद्धांतों को सरल भाषा में समझाने की उनकी अनूठी शैली ने छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाया है। उनके मार्गदर्शन से कई विद्यार्थियों ने न केवल शैक्षणिक परिणामों में शानदार उपलब्धियां हासिल कीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त की। वे विद्यालय में आईएमओ इको क्लब, हेल्प क्लब, गणित क्लब और स्काउट प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। इनके माध्यम से वे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुशासन, सेवा और नेतृत्व के गुण विकसित कर रहे हैं। उन्होंने सैकड़ों छात्रों को स्काउटिंग गतिविधियों के जरिए समाजसेवा और टीमवर्क का पाठ पढ़ाया है। जितेन्द्र शर्मा का विशेष योगदान ग्रामीण पृष्ठभूमि के उन छात्रों के लिए रहता है जिनके पास संसाधनों की कमी थी। उन्होंने ऐसे बच्चों को न केवल शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए बल्कि उन्हें सफलता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया।
——————
कार्यक्रम का फोकस – रोल मॉडल, न कि वीआईपी
राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ ने बताया कि इस बार समारोह का फोकस किसी मुख्य अतिथि पर नहीं, बल्कि रोल मॉडल अवार्ड पाने वाले प्रतिभागियों पर होगा। प्रत्येक अवार्डी मंच से अपनी जीवन यात्रा साझा करेगा ताकि समाज के लिए प्रेरणा बन सके।
——————
अवार्ड के साथ भ्रमण
इस सम्मान समारोह में शामिल प्रतिभागियों को श्रीनगर की प्रसिद्ध स्थलों—डल झील, निशात बाग, शालीमार बाग, चश्मा शाही, शंकराचार्य मंदिर, वुलर झील, दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान, गुलमर्ग और पहलगाम जैसी जगहों का भ्रमण भी करवाया जाएगा।
