कुरुक्षेत्र, 29 अगस्त। पिहोवा हलके के गांव स्योंसर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद कुरुक्षेत्र की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने शिरकत की। कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यालय के प्राचार्य देसराज, गांव के सरपंच संदीप मोर, विद्यालय के शिक्षकों, शारीरिक शिक्षा अध्यापकों ने उनका स्वागत किया।
जिला परिषद की चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामीणों को खेल दिवस  की बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और लक्ष्य को हासिल करने के लिए युवा पीढ़ी को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। इस खिलाड़ी ने भारतीय हॉकी को पूरी दुनिया में एक नई पहचान दिलाने का काम किया। आज पूरे देश में उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है। खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, शारीरिक और मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शैक्षिक गतिविधियों के साथ साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़ चढक़र भाग लें।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्योंसर गांव उनके पिताजी की कर्मभूमि रही है। यहां पर उनके पिताजी ने पशु चिकित्सक के रूप में 25 साल अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने विद्यालय व गांव के विकास के लिए ग्रामीणों की मांग के अनुरूप ग्रांट जारी करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पिहोवा हलके के शारीरिक शिक्षा अध्यापकों को खेल कार्यों में दिए गए योगदान के लिए सम्मानित भी किया। चेयरपर्सन कंवलजीत कौर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया और सभी जिलावासियों से अपील की कि वे अपने आसपास के वातारण को स्वच्छ बनाए रखें और कुरुक्षेत्र को स्वच्छता में नंबर वन बनाने की मुहिम में अपना योगदान दें। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार और उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान की सभी को जानकारी दी और अपने घर, संस्थान और आस-पास के क्षेत्र को साफ बनाने के लिए श्रमदान करने की अपील भी की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *