हरियाणा सरकार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए है प्रतिबद्ध: जगमोहन आनंद
करनाल, 29 अगस्त
– करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में हरियाणा सरकार का एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में लिए गए निर्णय हरियाणा की बेटियों और बहनों के जीवन में आर्थिक आत्मनिर्भरता का एक नया अध्याय लिखेंगे।
उन्होंने कहा कि यह योजना ‘सशक्त महिला-समृद्ध समाज-विकसित हरियाणा’ के विजन को और मजबूत बनाती है। इस पहल से महिलाएं न केवल परिवार की आय में योगदान देंगी, बल्कि आत्मविश्वास के साथ समाज में भी अपनी भूमिका निभाएंगी।
विधायक जगमोहन आनंद ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार और समाज की नींव तभी मजबूत होती है जब महिलाएं सशक्त होती हैं। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना इसी विजन का परिणाम है और महिला कल्याण के प्रति हरियाणा सरकार की गंभीरता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास में आगे बढ़ाने की जो पहल पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने की थी, मुख्यमंत्री नायब सैनी उसे आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 23 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाएं इस योजना के लिए पात्र होंगी। यह योजना 25 सितंबर, 2025 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर शुरू की जाएगी और इसके तहत प्रत्येक पात्र महिला को 2100 रुपये प्रति माह उसके बैंक खाते में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने हमेशा महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। सरकार प्रदेश में महिलाओं के कल्याण और समृद्धि के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *