पानीपत। लखनऊ से एक महिला 14 साल की किशोरी का अपहरण कर पानीपत ले आई। उसने रास्ते में किशोरी के साथ दुष्कर्म भी कराया। महिला किशोरी को किला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी में ले आई। यहां उसे एक मकान में रखा गया। किशोरी ने मकान मालकिन की बेटी को आपबीती बताई।
उसने नारी तू नारायणी उत्थान कल्याण समिति की अध्यक्षा सविता आर्या को को कॉल कर किशोरी के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को मौके पर भेजा गया और किशोरी को यहां से रेस्क्यू कराया। फिलहाल किशोरी का श्रृष्टि होम व आरोपित महिला को वन स्टाप सेंटर में रखा गया है। किला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में लखनऊ पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।

पुलिस वीरवार को किशोरी का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराएगी। लखनऊ निवासी किशोरी ने बताया कि उसका परिवार झुग्गी झोपड़ियों में रहता है। सात अगस्त को उनकी झुग्गी में एक लक्ष्मी नाम की महिला आई थी। वह उसकी मां के साथ जान पहचान निकॉलने लग गई और एक दो दिन उनकी झुग्गी के आसपास रही। आठ अगस्त को उसके पिता की मौत हो गई।

उसकी मां, दो बहनें व उसका भाई उसके पिता का शव लेकर उसके बिहार स्थित पैतृक गांव में अंतिम संस्कार के लिए चले गए। लक्ष्मी नाम की महिला ने उसकी मां को कहा कि वह उसकी छोटी बेटी की देखरेख कर लेगी। उसके स्वजन के बिहार जाने के बाद महिला ने उसको पैसे कमाने का लालच दिया और वहां से उसे लेकर चली गई। रास्ते में इस महिला ने एक जगह चोरी भी की वहां ये पकड़ी गई।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस महिला के पति को कॉल की। उसके पति ने उनके गांव के प्रधान से बात कराकर महिला को छुड़ाया। इस महिला ने उसके साथ रास्ते में कई युवकों से उसके साथ दुष्कर्म कराया। अब वह उसे पानीपत लेकर आई है। दो माह पहले आरोपित महिला किला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कॉलोनी में किराए पर रहती थी।

वह जिस मकान में रहती थी, उसी मकान में आरोपित महिला सोमवार को किशोरी को लेकर आई और मकान मालकिन से कहा कि उसे एक रात यहां रहने दें। इसी दौरान किशोरी ने चोरी छिपे आपबीती मकान मालकिन की बेटी को बता दी। मंगलवार दोपहर को किशोरी को रेस्क्यू किया गया।

मकान मालकिन की बेटी ने कहा कि जब उसे किशोरी के बारे में सूचना मिली तो उसने पुलिस को सूचना देकर किशोरी को रेस्क्यू कराया। आरोपित महिला झूठ बोल रही है और मकान मालकिन पर ही झूठे आरोप लगा रही है। उसने वन स्टाप सेंटर में भी अपना गलत मोबाइल नंबर लिखवाया है।

वह आपराधिक प्रवृति की महिला है। उसने श्रृष्टि होम में जाकर किशोरी से उसका पता पूछा। लखनऊ पुलिस से भी बात की गई। वहां किशोरी की बहन उसकी गुमशुदगी की शिकायत लेकर आई थी।

पुलिस ने किशोरी के स्वजन को ट्रेस कर उनको इसकी सूचना दे दी है। उनका प्रयास है कि आरोपित महिला पर कार्रवाई हो और किशोरी को उसके स्वजन को सौंपा जाए। वह इस संबंध में उच्चाधिकारियों से भी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *