चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। आज भिवानी की शिक्षिका मनीष की रहस्यमयी मौत और कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा होगी। खास बात यह है कि सीएम नायब सैनी अपने मंत्री और विधायक के साथ साइकिल पर सवार होकर सदन पहुंचेंगे।
सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए सीएम नायब सैनी एमएलए हॉस्टल से साइकिल पर सवार होकर विधानसभा पहुंचेंगे। साथ ही प्रदेश में बढ़े रहे नशे के खिलाफ भी कड़े संदेश देंगे। मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और विधायक न केवल एकजुटता दिखाएंगे, बल्कि नशे के विरोध में साइकिल पर सवार होकर सदन पहुंचेंगे।
नशे के खिलाफ अभियान को तेजी देते हुए और युवाओं को जागरूक करने के लिए हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा था कि माननीयों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की कमान संभालनी चाहिए।
उन्होंने आह्वान किया कि 26 अगस्त को सभी विधायक साइकिल या फिर ई-रिक्शा में सवार होकर सदन में पहुंचें। इस पर सभी विधायकों ने सहमति जताई थी।
पहले भी साइक्लोथॉन निकाल चुकी है नायब सरकार
नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने के लिए नायब सरकार द्वारा साइक्लोथॉन निकाली जा चुकी है। इसके साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए जनवरी से जुलाई तक 2161 एफआइआर दर्ज की गई हैं, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 2022 था।
