केयू यूआईईटी संस्थान में शिक्षा महाकुंभ 2025 की विवरणिका का हुआ विमोचन
कुरुक्षेत्र, 19 अगस्त।
 विद्या भारती उत्तर क्षेत्र डिपार्टमेंट ऑफ होलिस्टिक एजुकेशन के तत्वावधान में शिक्षा महाकुंभ 2025 की विवरणिका विमोचन एवं बैटन हस्तांतरण कार्यक्रम का आयोजन केयू यूआईईटी संस्थान के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त कुरुक्षेत्र महाबीर प्रसाद ने बतौर मुख्य अतिथि कहा कि शिक्षा महाकुंभ राष्ट्रीय एकता और सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम है। उन्होंने नूतन छात्रों को अनुशासन एवं कड़ी मेहनत के साथ कड़ा परिश्रम करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में असफलता एवं निराशा होने पर कभी भी हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने पर्वतारोही सर’ एडमंड हिलेरी के प्रयासों की कहानी को साझा किया।
यूआईईटी के निदेशक प्रो सुनील ढींगरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शिक्षा महाकुंभ की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत डिजिटल वीडियो प्रस्तुति में महाकुंभ की यात्रा दिखाई गई। तत्पश्चात बैटन हस्तांतरण एवं विवरणिका विमोचन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि एनआईटी कुरुक्षेत्र के निदेशक प्रो बीवी रमना रेड्डी ने शिक्षा महाकुंभ के द्वितीय संस्करण की उपलब्धियाँ साझा कीं। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में हॉलिस्टिक एजुकेशन के विभिन्न आयामों की चर्चा करते हुए अहम शिक्षा बिन्दुओं पर विचार साझा किए।
विजय नड्डा, संगठन मंत्री, विद्या भारती उत्तर क्षेत्र ने कहा कि समाज में हो रहे श्रेष्ठ कार्यों और नवाचारों को मंच और पहचान देना ही शिक्षा महाकुंभ का ध्येय है। शिक्षा महाकुंभ 2025 की प्रमुख झलकियाँ के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम का समापन सौरभ चौधरी के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
कार्यक्रम में रवीन्द्र सागर शर्मा, सतीश सैनी, डॉ. कृष्णा पांडे, डॉ. मनोज तेवतिया, रमेंद्र सिंह, डॉ. पवन दिवान, डॉ. राजेश अग्निहोत्री, छात्र प्रेरक कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सविता, डॉ. दीप्ति व हरिकेश पपोसा उपस्थित रहे। शिक्षा महाकुंभ 2025 का भव्य आयोजन 31 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक एनआईपीईआर, मोहाली में होगा। यह आयोजन विकसित भारत 2047 की दिशा में शिक्षा, नवाचार और समाज को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *