स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 व शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
 
असन्ध/करनाल, 19 अगस्त। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 व शहर में सभी वार्डो की सफाई व्यवस्था को लेकर असंध के विधायक योगेन्द्र राणा व एसडीएम राहुल (आईएएस) की अध्यक्षता में मंगलवार को पी. डब्ल्यू. डी. रैस्ट हाऊस में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें शहर में हो रहे विकास कार्यो की जानकारी ली गई व पार्षदों की वार्ड वाईज समस्याएं सुनी गई। बैठक में सभी वार्डो के पार्षद व नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारियों ने भाग लिया।
बैठक में विधायक योगेन्द्र राणा ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 व शहर की सफाई व्यवस्था में असन्ध शहर को प्रथम स्थान पर लाने के लिए उपस्थित संबंधित अधिकारियों को शहर की साफ-सफाई व्यवस्था सुचारू बनाये रखने व शहर के आमजन को सफाई के प्रति जागरूक करने बारे निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति कूड़े कर्कट को डस्टबिन या डोर-टू-डोर आने वाले वाहनों में नही डालते, कूड़ा कर्कट इत्यादि खुले में फैंकते है तो उनका चालान करना सुनिश्चित करें। इसके साथ-साथ पोलिथिन व प्लास्टिक बैगों के इस्तेमाल व बेचने वाले दुकानदारों के भी चालान किये जाये। विधायक ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर नियम बनाए जाए और उन नियमों का पालन किया जाए। घरों व आस-पास की नियमित सफाई के प्रति लोगों को समय-समय पर जागरूक करते रहे। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों के पास सफाई कर्मचारियों का फोन नम्बर होना चाहिए। टिप्पर चलाने वाले ड्राईवर के पास ड्राईविंग लाईसेंस अनिवार्य है।
बैठक में संबंधित पार्षदों ने अपने-अपने वार्डो में स्वच्छता तथा अन्य समस्याएं जैसे पानी, सीवरेज व स्ट्रीट लाईटों इत्यादि के बारे में विधायक व एसडीएम को अवगत करवाया। इस दौरान एसडीएम ने नगरपालिका सचिव को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सभी वार्डो में डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करवाएं और कूड़े कचरे का भी नियमित रूप से उठान किया जाए। कचरा उठाने वाली गाड़ी (टिप्पर) पर ड्राईवर, हेल्पर व सफाई कर्मचारी का फोन नम्बर अंकित होना चाहिए। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों को कहा कि वे अपनी स्वच्छता संबंधी शिकायत को स्वच्छता ऐप पर दर्ज करें या एसडीएम कार्यालय में सूचित करें। उन्होंने नपा सचिव को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर सफाई कर्मचारियों की कार्य अवधि में निगरानी भी करवाते रहे। उन्होंने कहा कि जो सफाई कर्मचारी बेहतरीन कार्य कर रहा है, उसके लिए रिवॉर्ड की भी व्यवस्था की जाए। एसडीएम ने यह भी निर्देश दिए कि सभी सार्वजनिक शौचालय स्वच्छ व साफ-सुथरे होने चाहिए। ताकि आमजन को कोई असुविधा ना हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि करीब 100 दुकानों पर गीले व सूखे कचरे के लिए दो-दो डस्टबिन रखवाएं जाए तथा सालवन चौंक पर 100 मीटर के दायरे में रेहड़ी व रिक्शा नहीं लगने दी जाए। एसडीएम ने कहा कि शहर में प्रत्येक वार्ड में साप्ताहिक स्वच्छता और जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा जिसके कार्यक्रम की सूचना लोगों को पहले ही दी जाएगी।
इस अवसर पर नपा सचिव प्रदीप कुमार जैन, नगर पालिका चेयरपर्सन सुनीता रानी, एमई अशोक कुमार व नपा वाईस चेयरमैन राजेन्द्र ढिंगड़ा व संदीप लाठर सहित अन्य सभी पार्षदगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *