करनाल, 5 अगस्त: करनाल की पुरानी अनाज मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अद्भुत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और झालरों से सजाया गया, वहीं बाबा श्याम और लड्डू गोपाल के स्वरूप को भव्य श्रृंगार से अलंकृत किया गया। खासतौर पर लड्डू गोपाल के लिए सजाया गया पालना श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान को झूला झुलाकर जन्मोत्सव का आनंद लिया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिर में लगा रहा। दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए लगी लंबी-लंबी कतारें मंदिर के बाहर तक फैल गईं। भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजते माहौल में श्रद्धालु नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के स्वर में भाव-विभोर दिखाई दिए। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता ने बताया कि मंदिर में हर एकादशी पर विशेष भजन-कीर्तन का आयोजन होता है और करनाल सहित दूर-दराज़ से लोग यहां बाबा श्याम के दर्शन करने आते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई।  इस अवसर पर मुख्य सेवक देसराज गुप्ता के साथ राजेश गर्ग, महेंद्र गुप्ता, अनिल गर्ग, राम करण, अशोक सिंघला, पवन गुप्ता, राजेश सिंघला, हरीश समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। देर रात तक भक्ति-भावना में डूबकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आनंद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *