शिक्षा से नाता न तोड़ें, नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखेंः डॉ धर्म पाल
ज्ञान और कौशल को बढ़ाने में मददगार हैं इग्नू के पाठ्यक्रम

करनाल, 14 अगस्त। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि संस्थान द्वारा वीरवार को पुलिस अकादमी मधुबन में नव नियुक्त पुलिस कर्मियों के लिए इग्नू के विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों एवं करियर अवसरों के प्रति जागरूकता हेतु एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को इग्नू द्वारा संचालित डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई, बताया गया कि कैसे इन कार्यक्रमों के माध्यम से वे अपने सेवाकाल के साथ-साथ शैक्षणिक योग्यता में भी वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों के लिए विशेष पाठ्यक्रमों जैसे एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, ह्यूमन राइट्स, पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की जानकारी देते हुए कहा कि हर पांच साल में अपने कौशल और ज्ञान को बढ़ाने के लिए नया कोर्स करना चाहिए।
डॉ. अमित कुमार जैन ने इग्नू में प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन एवं पाठ्यक्रम चयन से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने यह भी बताया कि इग्नू का लचीला अध्ययन मॉडल विशेष रूप से कार्यरत कर्मियों के लिए अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में पुलिस अकादमी की ओर से डीएसपी गीतिका जाखड़ और इंस्पेक्टर राजबीर ने अहम भूमिका निभाई और पूरे आयोजन का समन्वय किया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन इग्नू के सेक्शन ऑफिसर रोबिन वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर लगभग 2000 पुलिस कर्मियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इग्नू की शैक्षणिक पाठ्यक्रमों के प्रति अपनी रुचि दिखाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *