राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घरौंडा का किया औचक निरीक्षण
घरौंडा सभागार के प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
घरौंडा/करनाल, 14 अगस्त।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण गुरुवार को अचानक से घरौंडा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पहुंच गए। वह चुपके से बच्चों के बीच जाकर बैठ गए और लेक्चर सुना। उन्होंने बच्चों से भी बातचीत की और पढ़ाई के बारे में पूछा। इसके साथ-साथ उन्होंने अपने बचपन के दिन भी साझा किए और बताया कि कैसे वो स्कूल में जाते थे। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि लड़कियों के स्कूल में बेहतर सुविधाएं होना अत्यंत आवश्यक है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने एक कक्षा में बैठकर बच्चों की तरह कक्षा ली। उन्होंने बच्चों से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में चर्चा भी की। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए अपने बचपन के अनुभव और संघर्षों को भी साझा किया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और लड़कियों को हर क्षेत्र में आगे बढक़र नाम रोशन करना चाहिए।
निरीक्षण से पहले विधानसभा अध्यक्ष कल्याण ने घरौंडा सभागार हॉल के प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही सभागार प्रांगण को सुंदर, सुसज्जित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण ही आने वाली पीढिय़ों के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित कर सकता है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *