तिरंगा हमारे गौरव, सम्मान, स्वतंत्रता और बलिदान का प्रतीक-एसडीएम शिवजीत भारती
नारायणगढ़, 14 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एसडीएम शिवजीत भारती के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में उपमंडल के अधिकारी, कर्मचारियों ने भाग लिया।
लघु सचिवालय परिसर से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। सभी प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे हुए थे और भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा जय हिंद के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर एसडीएम शिवजीत भारती ने कहा, तिरंगा हमारे गौरव, सम्मान, स्वतंत्रता और बलिदान का प्रतीक है। आजादी के लिए अनगिनत वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। हमें उनके सपनों का भारत बनाने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना और हर नागरिक को देश की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए संकल्पित करना है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार संजीव अत्री, स्टैनो नवीन सैनी, जसबीर सिंह, सरताज, सुखदेव, संजीव तथा संतोष रानी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
