गुरुग्राम।Gurugram basement collapse: क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हुई तेज वर्षा के कारण बादशाहपुर के समीप सेक्टर-69 में एक निर्माणाधीन बेसमेंट की दीवार ढह गई। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

लेकिन इससे आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया। साथ लगती नीलकंठ सोसायटी के दस घरों को एहतियात के तौर पर खाली करवाया गया है।

कुछ लोगों ने घरों में दरारें आने की भी शिकायत की है। दस घरों को खाली करवाकर इनकी बैरिकेडिंग की गई है। यह घटना स्मार्ट वर्ल्ड बिल्डर के प्रोजेक्ट साइट पर हुई, जहां बेसमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था।

वर्षा के कारण निर्माण स्थल पर मिट्टी कमजोर हो गई थी और इसके खिसकने से बेसमेंट की एक बड़ी दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी।

दीवार का मलबा कुछ दूरी तक फैल गया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे के समय बेसमेंट में कोई श्रमिक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस टीम) और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के जवानों ने मलबा हटाकर यह सुनिश्चित किया कि कोई व्यक्ति दबा न हो।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने निर्माण स्थल का मुआयना किया और बिल्डर को सुरक्षा मानकों की जांच कराने के निर्देश दिए। पास ही स्थित आवासीय सोसायटी में रहने वाले लोगों में दीवार गिरने की आवाज से दहशत फैल गई।

कई निवासियों ने चिंता जताते हुए कहा कि निर्माणाधीन परियोजना से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की स्थिति पर सवाल उठते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि वर्षा के मौसम में चल रहे निर्माण कार्यों पर सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *