पंचकूला। स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा पुलिस के 13 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं पुलिस पदक से सम्मानित

किया जाएगा। पंचकूला के पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवीएसीबी) के आइजी कुलदीप सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक मिला है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 11 अन्य पुलिस अधिकारियों व जवानों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया है।

इनमें पानीपत में तैनात डीएसपी ट्रैफिक सुरेश कुमार, फरीदाबाद में एसीपी राजेश कुमार, अंबाला में आर्थिक सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर ऋषि पाल, रोहतक के सुनारिया में तैनात इंस्पेक्टर हरकेश कुमार, आइआरबी भौंडसी के इंस्पेक्टर महाबीर सिंह, एचएपी मधुबन के इंस्पेक्टर जोगिन्दर सिंह शामिल हैं।

इसी तरह एचएसईएनबी पंचकूला के इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र, पंचकूला में आइटी सेल डायल 112 के इंस्पेक्टर राजेश कुमार, रोहतक के सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, फरीदाबाद के सब इंस्पेक्टर यशपाल सिंह तथा मुख्यमंत्री आवास पर तैनात सब इंस्पेक्टर सोहन लाल को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक मिला है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे हरियाणा पुलिस परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। हमारे अधिकारियों और जवानों की बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और अथक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान न केवल सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों को, बल्कि पूरे बल को प्रेरणा और प्रोत्साहन देगी। यह उपलब्धि भविष्य में और भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सभी को ऊर्जा और संकल्प प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *