पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के बरसत रोड पर भैंसवाल ड्रेन के पास ईंटों से भरी ट्राली पलट गई। ईंटों के नीचे दबने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की पत्नी छह माह की गर्भवती है। वह एक साल की बच्ची का पिता था।

सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम करा शव स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उत्तर प्रदेश के कांधला निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह तीन बच्चों का पिता है।

बड़ा बेटा सचिन (23) पेशे से मजदूर था। वह ईंटें उतारने के लिए पानीपत आता व जाता रहता था। सोमवार रात को भी वह पानीपत जाने के लिए निकला था। रात करीब पौने 2 बजे ट्रैक्टर ड्राइवर ने उन्हें फोन कर बताया कि गांव भैंसवाल के पास कच्ची सड़क पर कीचड़ में ट्रैक्टर धंस गया और ट्राली पलट गई।

ईंटों के नीचे सचिन दब गया। उसने राहगीरों की मदद से ईंटों के नीचे से सचिन को निकाला और नागरिक अस्पताल में भिजवाया, डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *