करनाल, 5 अगस्त- करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और तिरंगे के साथ व्यक्तिगत और भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा लगातार चौथे वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरूआत की गई है। 2 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 15 अगस्त, 2025 तक चलेगा। इस अभियान में करनाल के आमजन बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी को क्लिक करके सोशल मीडिया पर अपलोड भी करें।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान हर भारतीय को अपने घरों में तिरंगा लाने और हमारे देश की आजादी के जश्न में गर्व से इसे फहराने के लिए मनाया जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज सिर्फ़ एक प्रतीक नहीं है, बल्कि हमारे सामूहिक गौरव और एकता का गहरा प्रतिनिधित्व करता है। हर घर तिरंगा अभियान, हर नागरिक के अंदर देशभक्ति की गहरी भावना जगाने और हमारे राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को बेहतर ढंग से समझने का प्रयास करती है।
अपलोड करें सेल्फी
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि आमजन तिरंगे के साथ सेल्फी लें और इसे वेबसाइट www.harghartiranga.com पर अपलोड करें। उन्होंने तिरंगा फहराने की अपील की और आम जनता और विद्यार्थियों को अपने घरों और स्कूलों में गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए आह्वान किया। उन्होंने सभी से इस अभियान को पूरे जोश, उत्साह और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाने का आग्रह किया। इस कार्यक्रम से आमजन में देशभक्ति की भावना का विकास होगा।
