गुरुग्राम। उद्योग विहार स्थित कंपनी से बाहर आते समय डूंडाहेड़ा के रहने वाले विक्रम का अपहरण कर उसे दफनाने के मामले में साजिशकर्ता उसकी पत्नी को सोमवार को जेल भेज दिया गया। उसे एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान उसने साजिश की बात स्वीकार की।

बताया कि उसने प्रेमी रविंद्र के साथ मिलकर हत्या से पहले कई दिनों तक क्राइम थ्रिलर फिल्में और यूट्यूब पर वीडियो देखकर बचने के तरीके सीखे थे। उद्योग विहार थाना पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

इसमें विक्रम की पत्नी और साजिशकर्ता सोनी देवी, महिला के प्रेमी व मुख्य आरोपित रविंद्र, वारदात में साथ देने वाले उसके साथी मनीष, फरियाद और कब्र खोदने वाले रविंद्र के रिश्ते के चाचा संतरपाल शामिल है। पूछताछ में पता चला था कि महिला के रविंद्र के साथ एक साल से प्रेम संबंध था।

क्यों रची विक्रम की हत्या की साजिश?

इस दौरान रविंद्र ने कुछ अश्लील वीडियो भी बनाए थे। इसे बेटी ने देख लिया था और पिता को बताया था। इस बात की जानकारी मिलने पर दोनों आरोपितों ने विक्रम की हत्या की साजिश रची थी।

26 जुलाई को रविंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर स्विफ्ट डिजायर कार से विक्रम का कंपनी के बाहर से अपहरण कर लिया। यहां से 15 किलोमीटर दूर मोहम्मदपुर झाड़सा गांव के पास एवीएल सोसायटी के पीछे शव को दफना दिया।

रविंद्र ने कबूला गुनाह

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने रविंद्र को पकड़ा तो उसने सच्चाई बयां की। उद्योग विहार पुलिस ने महिला को छोड़कर अन्य सभी आरोपितों को पांच दिन के रिमांड पर लिया है।

महिला को सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं रविंद्र से पूछताछ और निशानदेही पर उस कार को भी बरामद कर लिया गया, जिससे विक्रम का अपहरण किया गया था।

बताया जाता है कि रविंद्र गाड़ियों की बुकिंग का काम करता था। यह स्विफ्ट डिजायर कार राहुल नाम के व्यक्ति की थी। जिसे रविंद्र ने किराये पर लिया था। उद्योग विहार थाना पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके बारे में जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *