हिसार। शहर के न्यू ऋषिनगर में रहने वाले 24 साल के भूपेंद्र की नशे से मौत की आशंका है। रविवार शाम को उसका शव आटो मार्केट के फेज-3 की झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक के पास खाली सीरिंज पड़ी थी। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। आज यानी सोमवार को पोस्टमार्टम होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशे की ओवरडोज के कारण युवक की मौत होने की आशंका है। सिविल अस्पताल परिसर में न्यू ऋषिनगर के लोगों ने बताया कि भूपेंद्र महेंद्रगढ के एक विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहा था। वह दो बहनों का इकलौता भाई था।

बताया जा रहा है कि 18 जुलाई को उसके कुनबे में किसी की मौत हो गई थी और 30 जुलाई को दिवंगत की तेरहवीं थी। जिसके चलते भूपेंद्र घर आया हुआ था। वह सुबह करीब 10 बजे स्वजन को यह कहकर बाइक पर निकल गया कि किसी काम से आटो मार्केट में जा रहा है। इस दौरान उसने अपने दोस्त मिलगेट निवासी दीपक से बातचीत की थी।

दोपहर बाद स्वजनों ने भूपेंद्र के पास फोन किया तो उस से साफ आवाज में बोला नहीं जा रहा था। उसके बाद बातचीत नहीं हुई। शाम करीब पांच बजे किसी ने डायल 112 पर कॉल कर ऑटो मार्केट फेज-3 में एक युवक अचेत हालत में पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और अचेत हालत में युवक और उसके साथी को एंबुलेंस में सिविल अस्पताल में लाया।

पुलिस को मौके पर खाली सीरिंज पड़ी थी। सूचना मिलने पर स्वजन और परिचित अस्पताल में पहुंचे। डॉ. ने जांच के बाद भूपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक हिरासत में लियासूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद रहे मिलगेट के रहने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया। वह सही से बोल नहीं पा रहा था और बहकी-बहकी बातें कर रहा था। मृतक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका है।

बेटा नशा नहीं करता था : सुनील

न्यू ऋषिनगर के रहने वाले सुनील कुमार ने बताया कि उनका बेटा भूपेंद्र बीटेक कर रहा था। उन्होंने बताया कि बेटे ने कभी कोई नशा नहीं किया। बेटे की मौत किस वजह से हुई है इस बारे में कुछ नहीं पता। पुलिस की जांच में ही सबकुछ सामने आएगा।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *