स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ाने को लेकर पुलिस अधीक्षक से की बात, मौके पर ही निगम व हॉर्टिकल्चर अधिकारियों को व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
करनाल, 3 अगस्त-
     स्वच्छ भारत मिशन और नगर निगम के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को हांसी रोड स्थित मिल्खा सिंह स्टेडियम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने किया। उनके नेतृत्व में दर्जनों स्वयंसेवकों की टीम ने सुबह सवेरे स्टेडियम में खड़ी झाड़ियों व  बेतरतीब घास, कूड़ा करकट को उठाकर इसे पूरी तरह गंदगी मुक्त कर दिया। इस दौरान बारिश भी स्वयंसेवकों के हौसले नहीं डिगा पाई और उन्होंने पूरे जोश के साथ अभियान को पूरा करके ही दम लिया। मिशन के वाइस चेयरमैन  सुभाष चंद्र ने स्वयं अपने हाथों में झाड़ू लेकर स्टेडियम की साफ सफाई कर दूसरों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया। स्थानीय लोगों द्वारा यहां स्टेडियम में असामाजिक तत्वों के प्रवेश और यहां गलत कामों की शिकायत पर उन्होंने मौके पर ही स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ाने को लेकर पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की जिस पर पुलिस अधीक्षक ने रात के साथ दिन में भी यहां एक अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात करने का आश्वासन दिया। स्टेडियम में पशुओं के घुसने और पेड़ पौधों को नुकसान पहुंचाने को लेकर वाइस चेयरमैन ने निगम अधिकारियों से इस पर सख्ती से लगाम कसने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम मे पशुओं के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जाए ताकि खिलाड़ियों और आम नागरिकों को कोई परेशानी ना हो। स्वच्छता अभियान के दौरान मिशन के वाइस चेयरमैन को स्टेडियम में मौजूद शौचालयों पर ताले लटके मिले तो कर्मचारी को बुलाकर ताले खुलवाए गए। निरीक्षण के दौरान पाया कि उनमें खेलों का सामान रखा हुआ था। स्टेडियम में पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने निगम अधिकारियों से इन तमाम व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। सुभाष चंद्र ने कहा कि सरकार ने करोड़ों रुपए की लागत से इस क्षेत्र को स्टेडियम की सौगात दी है। इसे स्वच्छ और व्यवस्थित रखना हम सब की जिम्मेदारी है। स्टेडियम में आसपास के बच्चे और युवा खेलों का अभ्यास करते हैं उन्हें बेहतर व्यवस्था देने में हम सब सहयोग करें। उन्होंने कहा की एक देश वास्तव में तभी प्रगति कर सकता है जब वह स्वच्छ और स्वस्थ हो। उन्होंने
कहा कि स्वच्छता अभियान तब सफल होता है, जब हम खुद अपने से पहल करें। करनाल को हाल ही में स्वच्छता के लिए राष्ट्रपति अवार्ड मिला है, आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में हमे इसे पहले स्थान पर लाना है इसके लिए शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। स्वच्छता सिर्फ एक आदत नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्य है और अब समय आ गया है कि हम सब मिलकर करनाल को इंदौर की तरह मॉडल शहर बनाएं।
अभियान के दौरान सुभाष चंद्र ने स्टेडियम में कई जगह बिखरे पड़े कंक्रीट के ब्लॉक को उठाने अथवा इन्हें व्यवस्थित करने को कहा । उन्होंने स्टेडियम के दीवार के साथ घरों के मालिकों द्वारा स्टेडियम में कूड़ा डालने पर उन्हें नोटिस देने और चालान करने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर पवन शर्मा, प्रवीण श्रीवास्तव, हरि सिंह, सुनील गुप्ता, रवि वत्स, गुलशन जौहर, कुलदीप, सतीश पांचाल, प्रो.  अमूल शर्मा, सतीश कश्यप, बलबीर, रविन्द्र कश्यप, राजेश, बलवान, सुरेश जांगड़ा,राजकुमार, जगदीप, रवि सौदा, सफाई निरीक्षक मनदीप सिंह, सुपरवाइजर अनिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *