पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सुताना में वीरवार सुबह करीब सात बजे विवादित विवाद खरीदने को लेकर सरपंच प्रतिनिधि सोनू पर गांव के ही अश्वनी उर्फ कल्लू पुत्र सतपाल ने गोलियां चला दी। पेट पर दो और टांग पर एक गोली लगी है। सोनू ने अपने पिता नरेश कुमार को कॉल करके इसके बारे में बताया।

स्वजन उसे बिशन स्वरूप कॉलोनी स्थित निजी अस्पताल में लेकर आए। यहां ऑपरेशन कर गोलियां निकाली गई। हालांकि, अब भी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपित पर केस दर्ज कर लिया है। सीआईए की टीमें आरोपित की धरपकड़ में जुटी हैं। नरेश कुमार ने बताया कि वह बिजली निगम में फारमैन है। उसके दो बेटे सोनू और अमित है। अमित की पत्नी रितू सरपंच है। बड़ा बेटा सोनू गांव की सरपंची का काम देखता है।

गांव के ही अश्वनी ने मतलौडा में अपनी डेढ़ एकड़ जमीन आढ़ती को बेच दी थी। रजिस्ट्री होने के बावजूद सतपाल व उसका बेटा अश्वनी उस जमीन का कब्जा देने को तैयार नहीं था। जमीन सोनू ने आढ़ती से खरीद ली और पुलिस प्रशासन की मदद से कब्जा ले लिया। हाल ही में सोनू ने उस जमीन पर धान की फसल बोई थी, जिससे सतपाल का परिवार उससे रंजिश रखने लगा था। सोनू वीरवार सुबह छह बजे खेत में पानी देने गया।

वह लगभग सात बजे अपनी बाइक पर घर की ओर लौट रहा था। उनके खेत के पास अश्वनी कई लोगों के साथ स्विफ्ट कार में आया और सोनू का रास्ता रोक लिया। अश्वनी ने सोनू पर गोलियां चला दी। दो गोली उसके पेट व एक टांग में लगी। सोनू खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गया। आरोपित उसे मरा समझ कर फरार हो गए। अश्वनी आपराधिक प्रवृति का युवक है। उस पर पहले भी केस दर्ज हैं।

डीएसपी सतीश वत्स ने घटनास्थल का जायजा लिया और अस्पताल में उसकी हालत की जानकारी ली और सीआईए की टीमों को अश्वनी की धरपकड़ के निर्देश दिए। अश्वनी ने सोनू को कहा था उनके मामले में दखल न दे अश्वनी ने जिस आढ़ती को जमीन बेची थी। उससे पैसे ले लिए लेकिन कब्जा नहीं दिया था। आढ़ती इससे परेशान था।

अश्वनी दबंग किस्म का युवक है। सोनू ने आढ़ती से कम कीमत पर यह जमीन खरीद ली थी। इस बात को लेकर सोनू की अश्वनी से कई बार कहासुनी भी हुई थी। अश्वनी ने सोनू को कहा था कि वह उनके मामले में दखल न दे। इसी रंजिश में सोनू को गोली मारी गई।

वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। लोगों से पूछताछ की। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपित पर केस दर्ज कर लिया है। उसकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। -सतीश वत्स, मुख्यालय डीएसपी, पानीपत।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *