साहा (अंबाला)। हरियाणा के अंबाला के साहा ब्लाक के गांव टोबा में बीते रविवार को करीब आठ साल के बच्चे को दस कुत्तों ने नोच डाला। गंभीर रूप से घायल बच्चे को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट में लाया गया, जहां से उसे रविवार को ही पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

कुत्तों के हमले से बच्चे को बड़ी मुश्किल से छुड़ाया गया। उसके शरीर पर करीब चालीस घाव आए हैं, जबकि सिर का ऊपरी हिस्सा भी नोच दिया गया। जानकारी के अनुसार यह परिवार उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और करीब छह साल पहले गांव टोबा में आकर रहने लगा था।

यहीं पर सिकंदर भी मजदूरी करने लगा, जबकि पत्नी घर का काम करती थी। फरवरी में सिकंदर की मौत हो गई थी, जबकि उसकी पत्नी ही बच्चों की देखभाल कर रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दिनों आठ साल का अभिराज घर के बाहर आम तोड़ने गया था।

इसी दौरान करीब दस कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। यह देख अभिराज का दोस्त भाग आया और शोर मचा दिया। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बच्चे को कुत्तों ने घेरा हुआ है।

लोगों ने कुत्तों को भगाया। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट लाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। वहां बच्चे का उपचार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *