चंडीगढ़। हरियाणा में बार-बार टलते आ रहे खेल महाकुंभ का आगाज शनिवार को पंचकूला से होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में प्रतियोगिता का आगाज करेंगे। चार जिलों में होने वाले 26 खेलों के मुकाबलों में 15 हजार 410 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।

खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने बृहस्पतिवार को खेल महाकुंभ की तैयारियां साझा करते हुए बताया कि पंचकूला में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबाल, हैंडबाल और हाकी, फरीदाबाद में शूटिंग और ताइक्वांडो, रोहतक में बाक्सिंग, नेटबाल और फुटबाल तथा सोनीपत में लान टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी।

पहले चरण में चार अगस्त तक मुकाबले होंगे। दोनों चरणों में कुल 2102 पदकों के लिए खिलाड़ी पसीना बहाएंगे। पहले चरण में 836 और दूसरे चरण में 1266 पदक विजेता खिलाड़ियों को दिए जाएंगे। दूसरे चरण के खेल अगस्त के अंतिम सप्ताह में होंगे।

खेल राज्यमंत्री ने दावा किया कि हरियाणा का खेल महाकुंभ राष्ट्रीय स्तर की किसी भी प्रतियोगिता से बड़ा होगा। भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ में लगभग 8000 खिलाड़ी भागीदारी करते हैं, जबकि खेल महाकुंभ में 15 हजार से ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।

जिला खेल अधिकारियों की निगरानी में सभी जिलों के खिलाड़ियों का चयन निष्पक्ष किया गया है। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उनके लिए खाने-पीने व किट की व्यवस्था की गई है।

गौरव गौतम ने कहा कि बेहतरीन खेल नीति व हर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतकर हरियाणा खेलों में देश का सिरमौर बन चुका है। देश की 150 करोड़ की आबादी में दो प्रतिशत जनसंख्या के बावजूद प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने में 60 प्रतिशत का योगदान देते हैं।

विजेताओं को नौकरियों में मिलेगा आरक्षण का लाभ

हरियाणा की खेल नीति के अनुसार खेल महाकुंभ के विजेता खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा खेल ग्रेडेशन प्रमाणपत्र बनाने का प्रविधान है। इसके तहत सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को तीन प्रतिशत का आरक्षण प्रदान किया जाता है।

शिकायतें सुनने को बनाई विशेष कोआर्डिनेशन कमेटी

अतिरिक्त खेल निदेशक के नेतृत्व में विशेष कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। कोई भी खिलाड़ी खेल सुविधा या खेलों के टेक्निकल आयोजन से संबंधित शिकायत सीधा कमेटी को दे सकता है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *