रेवाड़ी ट्रैफिक पुलिस ने बरसाती मौसम में किया सराहनीय काम
NH 48 बनीपुर चौक सर्विस लेन पर बने गहरे गड्ढों को भरवाकर ट्रैफिक सुचारू किया
रेवाड़ी एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए वीरवार को रेवाड़ी ट्रैफिक पुलिस द्वारा दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 स्थित बनीपुर चौक की सर्विस लेन पर बने गहरे गड्ढों को भरवाया गया। बरसात के मौसम को देखते हुए पुलिस द्वारा यह कार्य किया गया ताकि कोई हादसा ना हो सके।
बरसात के मौसम को देखते हुए ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक ताराचंद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों ओर की सर्विस लेनों पर बने गड्ढों को भरवाने का कार्य शुरू करवाया। तत्परता से किए गए इस कार्य के बाद यातायात पुनः सुचारू हो सका और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। रेवाड़ी ट्रैफिक पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा और रेवाड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक के पास पुल निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे हाईवे का यातायात सर्विस लेनों पर डायवर्ट किया हुआ है। बारिश के कारण दोनों ओर की सर्विस लेनों पर गहरे गड्ढे बन गए थे और उनमें पानी भरने से वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इससे जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी।
