चंडीगढ़। हरियाणा में संगठन सृजन के तहत कांग्रेसी जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा एक दिन बाद हो सकती है। मंगलवार शाम को लिस्ट को अंतिम रूप देने के लिए शीर्ष नेताओं की एक बैठक होनी थी। जिसमें मंथन करने के बाद बनाए गए, पैनल में एक नाम की घोषणा किसी भी समय की जानी थी, लेकिन राहुल गांधी सहित शीर्ष नेता संसद के मानसून सत्र में व्यस्त होने की वजह से बैठक नहीं हो सकी।

अब बैठक बुधवार की शाम पार्टी के नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में होगी। उसके बाद देर रात तक लिस्ट जारी होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के बीच होने वाली चर्चा के बाद ही जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी। यह चर्चा बुधवार को होगी।

इसके पहले की सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के बाद प्रदेश के बड़े नेताओं की भी राय ले ली गई है। हालांकि, उनकी राय के मुताबिक जिलाध्यक्ष का नाम सामने आएगा यह संभावना कम ही है। राहुल गांधी के दिशा-निर्देश पर प्रदेश में 11 साल बाद संगठन चुनाव हो रहे हैं। राहुल पार्टी के नेताओं की गुटबाजी खत्म कर जिलाध्यक्ष को प्रभावी बनाना चाह रहे हैं।

यही नीति राहुल ने गुजरात में अपनाई थी। ऐसे में यही लग रहा कि वह ऐसे नामों का चयन करने वाले जिसके ऊपर किसी नेता की छाप नहीं हो। सभी प्रक्रिया पूरी कर लिस्ट तैयार कर ली गई है। बुधवार की शाम शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक होगी, उसके बाद लिस्ट किसी भी समय जारी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *