20 करोड़ की लागत से शहर के सर्विस रोड को चौड़ा बनाने की घोषणा

घरौंडा के सभागार को वातानुकूलित व ध्वनिरोधी बनाने की भी घोषणा
करनाल, 27 जुलाई।
स्वच्छता सर्वेक्षण में घरौंडा को जिला करनाल में पहला और प्रदेश में 10वां स्थान मिलने पर रविवार को घरौंडा के सभागार में सफाई मित्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने शिरकत की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सफाई कर्मचारियों, पार्षदों, अधिकारियों, चेयरमैन व शहर के लोगों को बधाई दी। 70 से अधिक सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। साथ ही कहा कि भविष्य में भी अव्वल दर्जे को बरकरार रखते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ाना है। उन्होंने कस्बे के सभागार को वातानुकूलित और साउंड-प्रूफ बनवाने की घोषणा की। साथ ही कहा कि शहर में सर्विस रोड को चौड़ा किया जाएगा। सरकार से 20 करोड़ का यह प्रोजेक्ट मंजूर हो चुका है। अब एनएचएआई से मंजूरी के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की जा चुकी है।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि स्वच्छता में जिला में पहला स्थान पाना आज शहर के लिए खुशी व गौरव की बात है। जब कुछ हासिल होता है तो उसके पीछे किसी न किसी की मेहनत भी होती है। धरातल पर काम करने वालों की भूमिका सबसे महत्त्वपूर्ण होती है। हर मेहनतकश से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के इस नंबर को बरकरार रखने की जिम्मेदारी केवल सफाई कर्मचारियों की नहीं, हर नागरिक की है। 2017 में भी घरौंडा को उत्तर भारत में प्रथम स्थान मिला था।

2014 के बाद घरौंडा की तस्वीर बदली
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद घरौंडा की तस्वीर बदली है। अभी और विकास किया जाना है। यही तरक्की भविष्य में लोगों को रोजगार के अवसर भी देगी। रिंग रोड बनने से नई औद्योगिक इकाईयां स्थापित होंगी। मेडिकल यूनिवर्सिटी चालू होने के बाद लोगों को न केवल बेहतरीन इलाज मिलेगा बल्कि बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार भी। रेपिड रेल प्रोजेक्ट भी भावी पीढ़ी के लिए खुशहाली का कारण बनेगा। इस प्रोजेक्ट के तहत पानीपत व करनाल के बीच तीन स्टेशन बनेंगे। यहां के युवाओं को कोचिंग आदि के लिए दिल्ली में कमरा लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सुबह जाकर शाम को घर लौट सकेंगे। उन्होंने कहा कि गांवों में लाइब्रेरी बनवाई जा रही हैं।

सफाई कर्मचारियों से अपील बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं
विधानसभा अध्यक्ष हविन्द्र कल्याण ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाएं। सरकार मेरिट पर नौकरी दे रही है। मेहनत करने वालों का अधिकार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने करीब 70 सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। साथ ही घोषणा की कि किसी संस्था से हर कर्मचारियों को 51-51 सौ की राशि भी दिलवाई जाएगी।

इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष हैप्पी लक गुप्ता ने विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण द्वारा हलके में कराए गए प्रमुख विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। पूर्व चेयरपर्सन निर्मल बैरागी ने भी विचार रखे।

समारोह में जिला परिषद के सीईओ अमित कुमार, नगर पालिका सचिव रवि प्रकाश शर्मा,  भाजपा के जिला महामंत्री सुभाष कश्यप, पूर्व चेयरमैन सुभाष गुप्ता,  मंडल अध्यक्ष रोहित भंडारी, महेंद्र कैमला, अमित गुप्ता, बलिंद्र सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे। हरियाणा के राज्य गीत के लेखक बालकिशन शर्मा को भी मुख्य अतिथि ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *