विधायक जगमोहन आनंद ने करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया उद्घाटन व शिलान्यास
करनाल, 26 जुलाई।                

विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र का समग्र विकास ही समृद्ध हरियाणा का आधार है। ग्रामीण क्षेत्र जितना उन्नत होगा देश व प्रदेश उतना ही मजबूत और विकसित होगा।  गांवों को विकसित किए बिना विकसित भारत की कल्पना को पूरा नहीं किया जा सकता। विधायक शनिवार को गांव काछवा में विधायक आदर्श नगर आवास ग्राम योजना (वैंगी स्कीम) के अंतर्गत गुगा माड़ी से स्टेडियम तक 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रास्ते के निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं डी-प्लान के तहत 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गली के निर्माण कार्य का उद्घाटन करने उपरांत ग्रामवासियों को संबोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रारंभ से ही ग्रामीण विकास पर मुख्य रूप से फोकस किया है। गांव में बरसाती पानी के बेहतर प्रबंधन के लिए फाईव व थ्री पोंड सिस्टम बनाए गए हैं तथा इन्हें पार्कों के रूप में विकसित किया गया है। आज गांवों में आधुनिक ग्राम सचिवालय, लाईब्रेरी और ओपन एयर जिम जैसी व्यवस्थाएं खड़ी हुई हैं और ग्रामीण इन व्यवस्थाओं का लाभ ले रहे हैं। राजकीय स्कूल में भी सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

काछवा गांव में सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाया गया है जहां ग्रामवासी अपने सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं। काछवा से करनाल तक सड़क को फोरलेन करने का काम भी इसी सरकार ने किया है। इसके अलावा काछवा गांव में करोड़ों रुपये के विकास कार्य भाजपा सरकार के कार्यकाल में पूर्ण हुए हैं। यह विकास का पहिया आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा। विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्र में अधिक से अधिक सुविधाएं स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे।
इस मौके पर सरपंच श्रीमती सुशीला देवी जी, सरपंच प्रतिनिधि श्री दीपक कुमार, पूर्व सरपंच बिट्टू, महामंत्री बंसी लाल कलामपुरा, प्रधान जोगिंद्र सिंह, किसान मोर्चा के महामंत्री राजबीर खोखर, देवेंद्र गुर्जर पुण्डरक सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *