समीक्षा बैठक में टीम से कहा कमर कसकर आगे बढ़े
नीलोखेड़ी   26 जुलाई-    
हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान विभागीय अधिकारियों, कर्मचारी और निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण के अपने कार्य को तीव्रता प्रदान करने के साथ-साथ शोध और अध्ययन के काम को भी योजनाबद्ध तरीके से आगे आगे बढ़ाएगा। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के अलावा राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ भी तालमेल कर कुछ नए कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे। संस्थान के नवनियुक्त निदेशक डॉ.वीरेंद्र सिंह चौहान ने कार्यभार संभालने के बाद आयोजित पहली समीक्षा बैठक में इस आशय के निर्देश संस्थान के संकाय सदस्यों और विभिन्न शाखा प्रमुखों को जारी किए। समीक्षा बैठक में संस्थान के स्टाफ के वर्तमान कार्य विभाजन पर विस्तार से चर्चा हुई और टीम के प्रत्येक सदस्य से संस्थान के कार्य को नई गति प्रदान करने के लिए मुक्त मन से सुझाव देने के लिए कहा गया।यहां जारी एक विज्ञप्ति में हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त वित्त पोषण से चलने वाले प्रदेश के इस शिखर संस्थान के कलेवर और कामकाज के तेवर में केंद्र और राज्य सरकार की ग्राम विकास संबंधी नीतियों और कार्यक्रमों की अपेक्षा के अनुरूप सुधार और धार लाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए।उन्होंने संसाधनों के सदुपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए.
निर्देशक डॉ. चौहान ने कहा कि निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रोग्राम कोर्डिनेटर अपने हिस्से के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को न केवल समयबद्ध ढंग से संचालित करें अपितु इन कार्यक्रमों में प्रशिक्षण और प्रबंधन की गुणवत्ता भी निरंतर बढ़नी चाहिए। डॉ. चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिया हुआ सूत्र वाक्य ‘ग्रामोदय से भारतोदय’ व्यवहार और कार्यों में हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान का भी आदर्श वाक्य बने, इस संकल्प के साथ संस्थान की टीम शेष बचे वित्तीय वर्ष की कार्य योजना को पहले कागज पर तैयार करें और फिर उसे धरातल पर उतारने में अपनी पूरी ताकत लगा दे।. निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि जल्द संस्थान की कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित कर नई पदों की स्वीकृति और रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जाएगी।
बैठक में संस्थान को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर भी चर्चा हुई।इस संबंध में नगर पालिका, सिंचाई विभाग और पड़ोस में स्थित केंद्र और राज्य सरकार के अन्य संस्थाओं के प्राधिकारियों के साथ बैठकर साझा रणनीति तैयार करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संस्थान के संकाय सदस्य संदीप भारद्वाज, डॉ. सुशील मेहता, कमलदीप सांगवान और डॉ. वजीर सिंह ने संस्थान के बीते वर्ष के कार्यों और आगामी योजनाओं से नए निदेशक को अवगत कराया।
इससे पूर्व डॉ. चौहान ने संस्थान परिसर में उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों का संस्थान की पूरी टीम की ओर से आभार जताया। उल्लेखनीय है कि डॉ.चौहान के हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान का निदेशक पद संभालने के क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों के संस्थान परिसर आगमन का सिलसिला जारी है।इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीना कंबोज, वरिष्ठ भाजपा नेता और अग्रणी किसान जगदीश राणा, जसमेंर सिंह सरपंच सुल्तानपुर,ईश्वर गुप्ता घरौंडा,मोहर सिंह राणा सगा, कैप्टन अमित गिल कुरुक्षेत्र,राजेंद्र सिंह अंजनथली,क्षत्रिय सभा कुरुक्षेत्र के प्रधान राजेंद्र सिंह, कृपाल सिंह और रामभूल सिंह आदि ने संस्थान परिसर पहुंचकर डॉ.चौहान से मुलाकात की।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *