करनाल, 23 जुलाई। उपायुक्त उत्तम सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर की अंदरूनी सडक़ों पर गति संबंधी साइन बोर्ड दस दिन के भीतर लगवाएं। निर्धारित गति से ज्यादा तेज वाहन चलाने वालों के चालान किए जाएं। उन्होंने यातायात पुलिस अधिकारियों से कहा कि सीट बेल्ट न पहननेे, जेब्रा क्रांसिग व लाल बत्ती का उल्लंघन करने वाले सरकारी वाहन (आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को छोडक़र) चालकों के भी चालान किए जाएं।
उपायुक्त ने आज जिला सचिवालय में आयोजित जिला सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्कूली बसों की  जांच में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। यदि किसी स्कूली बस का चालक बार-बार सडक़ नियमों का उल्लंघन करता पाया जाए तो उसे हटाने के लिए स्कूल प्रबंधन को लिखा जाए।
आज की बैठक में 12 पुराने और सात नए एजेंडों पर विचार-विमर्श किया गया। घरौंडा के अराईपुरा रोड पर बिजली की तारें ऊंची उठाने के बारे में बताया गया कि केस सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जा चुका है। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे इस मामले को फॉलो करते रहें। घरौंडा नगर पालिका सचिव की ओर से बताया गया कि वहां के नए बस अड्डे के सामने ट्रैफिक लाइट 15 दिन में लगा दी जाएंगी। निगम अधिकारियों की ओर से बताया गया कि उधम सिंह चौक से मेरठ चौक तक की सडक़ के मजबूतीकरण कार्य का 11 करोड़ का वर्क आर्डर जारी कर दिया गया है।
उपायुक्त ने कुंजपुरा के बड़ा गांव रोड पर सडक़ किनारे बेतरतीब पड़े पत्थरों को एक तरफ रखने के निर्देश दिए। कहा कि इनके कारण हादसे का अंदेशा रहता है। पीडब्ल्यूडी की ओर से बताया गया कि इस सडक़ के सुधार के लिए जरूरी टेंडर 15 दिन के भीतर लगा दिए जाएंगे। इस पर 293.40 लाख रुपये खर्च होंगे। निगम के कार्यकारी अभियंता जुंडला चौंक नजदीक शिवपुरी रोड पर बड़े गड्ढों को भरने के लिए वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है।
बैठक में पुलिस लाईन के पास स्पीड ब्रेकर की मरम्मत कराने और उस पर पेंट से निशान लगाने, घरौंडा में फ्लाईओवर और बसताड़ा टोल  के पास अवैध कट बंद करने, घरौंडा बस अड्डे के सामने पुल के नीच डिवाइडर की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि हिट एंड रन के मामलों में पीड़ितों को मुआवजे संबंधी 46 में से 33 केसों को मंजूरी दी जा चुकी है। तेरह केस लंबित हैं। इस पर उपायुक्त ने संबंधित बैंक के अधिकारियों को समय पर मुआवजा राशि जारी करने के निर्देश दिए।
 2.43 करोड़ से अधिक जुर्माना वसूला
इस साल जुलाई में पुलिस द्वारा ओवर स्पीड के 6550, बिना हेल्मेट के 187, नशा करके वाहन चलाने वालों के 275, बिना आरसी के 427, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 188, बिना नंबर प्लेट के 797, लेन बदलने के 2686, तीन सवारियां बैठाने वालों के 120, गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के 569, गलत पार्किंग के 488, लाल बत्ती का उल्लंघन करने के 2003, बिना थर्ड पार्टी बीमा के 4458, जेब्रा क्रांसिंग के 1622, बिना प्रदूषण सर्टिफिकेट के  5276, बिना सीट बेल्ट के 195 चालन कर एक करोड़ तीन लाख 30 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसी प्रकार आरटीए द्वारा ओवरलोडिंग के 441 चालन किए गए और एक करोड़ 40 लाख 31 हजार 200 रुपये जुर्माना वसूला गया। इंस्टीच्यूट आफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (आईडीटीआर) में 30 जून तक 668 लोगों को ट्रेनिंग के लिए पंजीकरण कराया जिसमें से 634 ने परीक्षा पास की।
बैठक में एसपी गंगाराम पूनिया, एसडीएम घरौंडा राजेश सोनी, नीलोखेड़ी के अशोक कु मार, असंध के राहुल, इंद्री के अशोक मुुंजाल, डीएसपी राजीव,  ईओ अदिति, आरटीए विजय देसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व समिति के गैर सरकारी सदस्य मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *