सूचनाओं के लिए कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर 01744220017 किया स्थापित, 4 कलस्टरों में बांटे 41 परीक्षा केंद्र, प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक डयूटी मजिस्ट्रेट कम फलाइंग स्क्वाड अधिकारी एवं पेपर डिस्ट्रीब्यूटर, सहायक अधिकारी, सेंटर सुपरिटेंडेंट को सौंपी ड्यूटियां
कुरुक्षेत्र, 23 जुलाई। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी)-2025 को शांतिपूर्वक ढंग से करवाने के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया। जिला परिषद सीईओ शंभू राठी को नोडल अधिकारी और सीटीएम आशीष कुमार को ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार की सूचनाओं के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। कंट्रोल रूम में संपर्क करने के लिए दूरभाष नंबर 01744220017 स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में बनाए गए 41 सेंटरों को 4 कलस्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक क्लस्टर स्तर पर भी एससीएच अधिकारी को समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है। पहले कलस्टर में एसडीएम पिहोवा को 12 परीक्षा केंद्रों के लिए, दूसरे कलस्टर में एसडीएम लाडवा को 13 परीक्षा केंद्रों के लिए, तीसरी कलस्टर में एसडीएम शाहाबाद को 10 परीक्षा केंद्रों के लिए और चौथे कलस्टर में डीएमसी को 6 परीक्षा केंद्रों के लिए समन्वयक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिले के सभी 41 परीक्षा केंद्रों में एक सत्र में 10431 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकते हैं। सीईटी की परीक्षा के लिए 26 को दो सत्र और 27 जुलाई को दो सत्रों सहित चार सत्रों में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। चारों सत्रों में 41724 परीक्षार्थियों के लिए सीटिंग की व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था के लिए एसडीएम पिहोवा और परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था करने की एसडीएम शाहाबाद को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक डयूटी मजिस्ट्रेट कम फलाइंग स्क्वाड अधिकारी एवं पेपर डिस्ट्रीब्यूटर और एक-एक सहायक अधिकारी को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सेंटर सुपरीटेंडेंट और प्रत्येक परीक्षा रूम के लिए स्टाफ नियुक्त किया जा चुका है। इसके अलावा रिजर्व स्टाफ की भी नियुक्त की जा चुकी है।
परीक्षा डयूटी में तैनात कर्मचारियों को ही मिलेगा प्रवेश
उपायुक्त नेहा सिंह ने आदेश देते हुए कहा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पंचकूला द्वारा जिला कुरुक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में 26 से 27 जुलाई को सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी)-2025 की लिखित परीक्षा आयोजित करवाई जा रही है। इस प्रयोजन में प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को छोड़कर परीक्षा केंद्रों के कर्मचारियों के लिए 26 जुलाई को गैर-कार्य दिवस घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इसलिए 26 जुलाई को केवल परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी।
