हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस का किया शुभारंभ, सांसद नवीन जिंदल के संघर्ष के कारण हर देशवासी को मिला राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार, स्कूली विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति सांस्कृतिक कार्यक्रम
कुरुक्षेत्र 22 जुलाई। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से मिल रही देश भक्ति भावना से प्रेरणा लेकर ही भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा। इस राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को लम्बे संघर्ष के बाद 22 जुलाई 1947 को अंगीकार किया गया। इस महान दिन को आज पूरे देश में याद किया जा रहा है और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के आगे नतमस्तक होकर जश्न मनाया जा रहा है।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा मंगलवार को पंचायत भवन के सभागार में फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इससे पहले शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, नप चेयरमैन माफी ढांडा, जिप उपाध्यक्ष डीपी चौधरी, सरपंच जितेन्द्र खैरा,भाजपा नेता रविन्द्र सांगवान ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित करके विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम में जिंदल हाउस से सेवानिवृत आईएएस धर्मवीर सिंह व राजकुमार सैनी ने शिक्षा मंत्री को राष्ट्रीय ध्वज का बैच लगाकर सम्मानित किया और फ्लैग फाउंडेशन आफ इंडिया की तरफ से एक स्मृति चिन्ह भेंट किया।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा शब्द ना केवल देश भक्ति एकता और बलिदान की भावना जागृत होती है बल्कि इस नाम की अपने आप में एक गौरवमयी गाथा भी है। यह वह प्रतीक है जिसके लिए मां भारती के अनगणित सपूते ने अपने प्राणों की आहुति दी और आजादी के सपने को साकार किया। उन्होंने कहा कि 22 जुलाई 1947 यह वह तारीख है जब संविधान द्वारा तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया गया। यह दिन हर भारतीय के लिए तिरंगे के सम्मान और इसके महत्व को गहराई से समझने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को हर घर, हर व्यक्ति को फहराने का अधिकार दिलवाने के लिए लम्बा संघर्ष किया। आज सांसद नवीन जिंदल के प्रयासों से ही हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को लहराया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से हर घर तिरंगा यात्राओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके पीछे एक ही लक्ष्य था कि देश का हर नागरिक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ जुड़ सके। इस हर घर तिरंगा कार्यक्रम ने दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस देश की तरक्की का मुख्य केन्द्र बिन्दु राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ही है, इस राष्ट्रीय ध्वज से मिल रही देश भक्ति की भावना से प्रेरित होकर ही भारत फिर से दुनिया का सिरमौर बनेगा। इसी राष्ट्रीय ध्वज से प्रेरित होकर वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्टï्र के रूप में अपनी एक पहचान बनाएंगा।
जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को उसके वर्तमान स्वरूप में 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा की बैठक में आधिकारिक रूप से अपनाया गया। भारत में तिरंगे का अर्थ भारतीय राष्ट्रीय ध्वज है जो देश की एकता, गौरव और बलिदान की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज में तीन रंगों में शामिल केसरिया रंग देश की शक्ति और साहस को दर्शाता है, सफेद रंग धर्मचक्र के साथ शांति और सत्य का प्रतीक है तथा हरा रंग उर्वरता, वृद्धि और भूमि की पवित्रता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज अंगीकरण दिवस भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय गौरव की याद दिलाता है। तिरंगा ना केवल एक ध्वज है बल्कि भारत की एकता, अखंडता और विविधता में एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में अंबाला से आए इतिहास के प्रोफेसर डा. अतुल यादव ने राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के अथक प्रयासों द्वारा 10 साल के कड़े संघर्ष से प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर में तिरंगा लहराने का अधिकार मिला। इससे पहले फ्लैग फाउंडेशन आफ इंडिया की ओर से सेवानिवृत आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया तथा समारोह के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी,नगरपरिषद की चेयरमैन माफी ढांडा,  जिला परिषद के वाइस चेयरमैन डीपी चौधरी,भाजपा नेता सुभाष कलसाना, भाजपा नेता रविन्द्र सांगवान, जिला कष्टï निवारण एवं परिवेदना समिति के सदस्य विनोद गर्ग सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
फोटो नंबर 1 से 5

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *