40 शिक्षण संस्थाओं में बनाए गए 53 परीक्षा केंद्र, करीब 70 हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
करनाल, 21 जुलाई
– डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आगामी 26-27 जुलाई को ग्रुप-सी की भर्ती के लिए आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए जिला में 40 शिक्षण संस्थाओं में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर चारों शिफ्टों में करीब 70 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध रहेगी, परीक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निशुल्क बस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सीईटी की परीक्षा को जिला में नकल रहित करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों व करनाल जिला के परीक्षार्थी जो दूसरे जिला में परीक्षा देने के लिए जाएंगे जिला प्रशासन द्वारा उनके लिए सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी ताकि किसी भी बच्चे को परेशानी का सामना ना करना पड़े। इसके अलावा कानून व सुरक्षा तथा ट्रैफिक व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम किया जाएगा।
बॉक्स: सीईटी के लिए निशुल्क बस सुविधा
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि आगामी 26 और 27 जुलाई, 2025 को आयोजित होने वाली सीईटी परीक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा निशुल्क बस सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। इसके लिए परीक्षार्थी सरकार द्वारा दिए गए लिंक व एंड्रॉयड एप्लीकेशन के माध्यम से अपनी यात्रा का विवरण दर्ज करवा सकते हैं। हरियाणा राज्य परिवहन की ओर से अभ्यर्थियों को नजदीकी जिला स्तरीय बस स्टैंड से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने व वापस आने के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और वापस आने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

इस लिंक पर भरें यात्री विवरण
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि यात्री https://hartrans.gov.in/advance-booking-for-cet-2025 लिंक पर जाकर अपना यात्री विवरण भर सकते हैं। इसके साथ-साथ एंड्रॉयड एप्लीकेशन CET 2025 TRAVEL पर भी यात्रा विवरण को भर सकते हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से आह्वान किया है कि यात्रा विकल्प फॉर्म अवश्य भरें और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से दी जा रही निशुल्क बस सेवा का लाभ उठाएं। हरियाणा राज्य परिवहन की ओर से 100 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों के लिए इंटरचेंज पॉइंट की सुविधा प्रदान की जाएगी।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *