चंडीगढ़। हरियाणा में तृतीय श्रेणी पदों के लिए अगले सप्ताह होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने अपनी साइट पर प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) अपलोड कर दिए हैं। आयोग द्वारा साइट खोलने के बाद पहले ही दिन प्रदेश के दस लाख युवाओं ने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लिए हैं।

प्रदेश में 26 व 27 जुलाई को सीईटी का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए 13 लाख 48 हजार युवाओं ने आवेदन किया हुआ है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अलावा परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मिलकर तैयारियों में जुटे हुए हैं।

गुरुवार को जारी किया गया था लिंक

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा बृहस्पतिवार की देर रात एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए लिंक जारी किया। शुक्रवार को आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि कल देर रात यह लिंक जारी किया गया था।

पहले 11 घंटे में नौ लाख 14 हजार 665 अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं। आयोग ने दावा किया है शनिवार सुबह तक सभी अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लेंगे।

दूसरी तरफ रोडवेज की तरफ से अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुफ्त बस सफर सुविधा दी जाएगी। इस परीक्षा के लिए सरकार द्वारा 9200 बसों का प्रबंध किया गया है। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए इसमें बदलाव किया जा सकता है। मुफ्त सफर के लिए पंजीकरण हेतु परिवहन विभाग की तरफ से बृहस्पतिवार को साइट ओपन की गई।

शुक्रवार की शाम तक नौ लाख 15 हजार युवाओं ने रोडवेज की बसों में सफर के लिए आनलाइन सीटें बुक की हैं। परीक्षा के लिए 1350 केंद्र बनाए गए हैं। पूर्व निर्धारित केंद्रों में 334 केंद्रों को सुरक्षा कारणों के चलते रद किया गया है।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *