विधायक जगमोहन आनंद ने नगर निगम की पूरी टीम विशेषकर सफाई मित्रों सहित शहरवासियों को दी बधाई
करनाल, 18 जुलाई। करनाल के विधायक जगमोहन आनंद ने सुपर स्वच्छ शहर श्रेणी में करनाल को देश में तीसरा रैंक मिलने पर शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि करनाल शहर के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश को गौरवशाली उपलब्धि मिली है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल पूरे भारत देश में सुपर स्वच्छ शहर श्रेणी में तीसरे स्थान पर आया है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम करनाल की पूरी टीम विशेषकर सफाई मित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि कुछ वर्ष पहले स्वच्छता का मूल मंत्र देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर से देशवासियों को दिया गया था और अब आलम यह है कि वर्षों पहले जिस भारत देश की विदेशों में अस्वच्छ देश के रूप में गिनती होती थी, आज विश्व के कई मुल्क भारत में स्वच्छता के क्षेत्र में अपनाए जा रहे तौर-तरीकों को अपने यहां इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए केन्द्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्री तथा करनाल के सांसद मनोहर लाल जी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के दूरदर्शी सोच, पारदर्शी कार्य तथा जनसेवा के प्रति पूर्णत: समर्पित नेतृत्व में करनाल शहर को विकास व स्वच्छता में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी धन्यवाद करते कहा कि उनके कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन में करनाल निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण के इस बेहतर परिणाम के लिए उन्होंने समर्पित सफाई मित्रों, निष्ठावान अधिकारियों व कर्मचारियों और जागरूक शहरवासियों को सफलता का श्रेय दिया, जिन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।
बता दें कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 दुनिया के सबसे बड़े शहरी स्वच्छता सर्वेक्षण के 9वें संस्करण के परिणामों में 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या की सुपर स्वच्छ शहर श्रेणी में शामिल 15 शहरों में करनाल को तीसरा रैंक मिला है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय की ओर से परिणामों की घोषणा की गई है। गत दिवस नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, महापौर रेनू बाला गुप्ता व नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा को प्रमाण पत्र व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा देकर सम्मानित किया।
