पंचकूला। बंगाल के भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद अर्जुन सिंह द्वारा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप लगाना भारी पड़ गया।
भूपेंद्र हुड्डा ने सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों के माध्यम से पूर्व सांसद को नोटिस भिजवाया है। हुड्डा ने यह नोटिस अर्जुन सिंह के उस आरोप और बयान पर भिजवाया, जिसमें वे आठ जुलाई को सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि हुड्डा अगर हर महीने 30 तारीख तक सोनिया गांधी को 500 करोड़ रुपये नहीं पहुंचाएं तो उनकी नौकरी (सीएम की कुर्सी) चली जाएगी।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह के इस बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अर्जुन सिंह को भेजे आठ पेज के नोटिस में सात दिनों के भीतर माफी मांगने और अपने बयान को वापस लेने का आग्रह किया है।
सात दिनों के भीतर माफी मांगें
हुड्डा के वकीलों ने कहा कि यदि सात दिनों के भीतर पूर्व सांसद की ओर से माफी नहीं मांगी जाती तो क्रिमिनल और सिविल केस दायर किया जाएगा। अर्जुन सिंह को यह नोटिस बंगाल में नार्थ 24, परगना जिला और नई दिल्ली में गंगानगर अपार्टमेंट बीडी मार्ग के पतों पर भेजा गया है।
