फरीदाबाद। सीईटी (कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की गई। बैठक का उद्देश्य परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित करना था।

मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि राज्य सरकार द्वारा सीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यार्थियों को आपातकालीन परिवहन सुविधा दी जाएगी, ताकि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई बाधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ हो और समयबद्ध रूप से संचालित की जाए।

कर्मचारियों की सभी प्रकार की छुट्टियां रद

बैठक के जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 26 और 27 जुलाई 2025 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के आयोजन के लिए सरकारी अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उनकी सभी प्रकार की छुट्टियां रद कर दी गई हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में शामिल हो रहे किसी भी अभ्यार्थी का पेपर सिर्फ इसलिए न छूटे कि उसे समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन जरूरतमंद अभ्यार्थियों को पिक एंड ड्रॉप सुविधा प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, जिस पर अभ्यार्थी किसी भी प्रकार की सहायता के लिए संपर्क कर सकेंगे।

ऐसी होगी सुरक्षा

वहीं डायल 112 पर तैनात गाड़ियां और पुलिस राइडर गश्त करते रहेंगे और ज़रूरत पड़ने पर परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए पिक एंड ड्राप की सुविधा भी प्रदान करेंगे।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा के दिन जल्द सुबह से ही ग्रामीण रूट्स पर विशेष बस सेवाएं चलाई जाएंगी, ताकि दूरदराज के गांवों से आने वाले छात्र भी समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंच सकें।

इस व्यवस्था को लेकर रोडवेज विभाग, पुलिस विभाग और परिवहन विभाग के बीच समन्वय सुनिश्चित किया गया है। यह भी कहा कि सीईटी परीक्षा के मद्देनजर सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, साथ ही परीक्षा केंद्रों के आस-पास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती होगी।

उन्होंने सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले परख ली जाएं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक योजनाएं भी तैयार रहें। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *