कुरुक्षेत्र जिले में 5 हजार से ज्यादा आबादी वाले है 21 गांव, स्टाम्प ड्यूटी के माध्यम से प्राप्त हुई 3 करोड़ की राशि, 21 गांवों में बनी ई-लाईब्रेरी,पंचायत भवन में आयोजित हुई जिला परिषद की बैठक
कुरुक्षेत्र, 15 जुलाई।   जिला परिषद की चेयरमैन कंवलजीत कौर ने कहा कि जिले के 5 हजार से ज्यादा जनसंख्या वाले गांवों में जो भी गांव आगामी 4 अगस्त तक सबसे ज्यादा सोलर प्लांट लगाएगा, उसे केन्द्र सरकार की तरफ से 1 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
चेयरमैन कंवलजीत कौर मंगलवार को स्थानीय पंचायत भवन में जिला परिषद की 125वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों एवं सदस्यों को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि जिले में 5 हजार से ज्यादा जनसंख्या वाले 21 गांव है जो ये सोलर प्लांट लगा सकते है, इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्ती बिजली योजना के बारे में कहा कि इस योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइटों के लिए 4 हजार की सब्सिडी और 3 किलो से ज्यादा सोलर प्लांट पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने सदस्यों को कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाएं और सम्बन्धित गांवों में इसका प्रचार करे।
चेयरमैन कंवलजीत कौर ने बैठक में बताया कि स्टाम्प ड्यूटी के माध्यम से 3 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हुई है, इस राशि के तहत विकास कार्य करवाए जाने है। उन्होंने सभी सदस्यों से एक-एक करके विकास कार्यों के बारे में पूछा कि कौन से विकास कार्य आप इस राशि के तहत करवाना चाहते है। बैठक में पिहोवा के गांव दिवाना में पंचायत पेड लगाना चाहती है, इस अनुरोध को सर्वसम्मति से बैठक में पास किया गया। आगामी 5 अगस्त तक हर वार्ड में ई रिक्शा दी जाएगी, इसके लिए जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। बैठक में सदस्यों ने कहा कि गांवों में जो स्ट्रीट लाइट लगी है, वह ठीक प्रकार से काम नहीं कर  रही है, इस पर चेयरमैन ने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि सम्बन्धित एजेंसी से बात करके जल्द से जल्द लाइट ठीक करवा दे।
चेयरमैन कंवलजीत कौर ने बताया कि जिले के गांव धौलगढ, ककराला गुजरान, थाना, खैरा व बणी में महिला सांस्कृतिक केंद्र बनाए जा चुके है तथा जिले के 21 गांवों में ई लाइब्रेरी बनाई जा चुकी है। इसके अलावा सभी गांवों में जल्द ही जिम लगाए जाएंगे, इस पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे है तथा प्रदेश सरकार के सिद्धांत सबका साथ-सबका विकास -सबका विश्वास पर जिला परिषद कार्य कर रही है।
जिला परिषद के वाइस चेयरमैन डीपी चौधरी ने कहा कि जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे है। उन्होंने सदस्यों से अनुरोध किया कि जो भी विकास कार्य आपके क्षेत्र में हो रहे है। उन विकास कार्यों को स्वयं भी चैक करे और अगर कोई कमी है तो जिला परिषद के कार्यालय में बताए। उन्होंने अधिकारियों को भी कहा कि जब भी कोई विकास कार्य शुरू हो तो उसकी सूचना सम्बन्धित सदस्यों को जरूर दी जाए।
जिला परिषद के सीईओ शम्भू राठी ने आए हुए सभी सदस्यों का स्वागत किया तथा मीटिंग के एजेंडे के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर डिप्टी सीईओ कृष्ण लाल, लेखा अधिकारी सत्य भूषण सहित जिला परिषद के सभी सदस्य उपस्थित थे।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *