कुरुक्षेत्र। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र में प्राइवेट प्ले-वे स्कूल चल रहे है। इन सभी स्कूलों को नियमानुसार अपना पंजीकरण करवाना होगा। इन स्कूलों के प्रबंधकों को सरकार की शर्तों के अनुसार तमाम दस्तावेज जमा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय में जमा करवाने होंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार जिला में चल रहे प्राइवेट प्ले स्कूलों का पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग,पंचकूला, हरियाणा निदेशक के पत्र द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास को प्राइवेट प्ले स्कूल के पंजीकरण के लिए सक्षम अधिकारी बनाया गया है। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के तहत 3-6 वर्ष के बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई है। सभी स्कूलों को निर्धारित मानदंडों को पूरा करना होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार की शर्तों के अनुसार प्ले स्कूल की एक कक्षा में 20 बच्चे रखना अनिवार्य है,प्ले स्कूल में 20 बच्चों पर एक शिक्षक व एक केयरटेकर होना अनिवार्य है,सोसायटी ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, जमीनी दस्तावेज, बिल्डिंग, फायर सेफटी, नक्शा व सी.ए. रिपोर्ट आदि होना अनिवार्य है,प्ले स्कूल के स्टाफ का कोई भी अपराधिक रिकॉर्ड न हो,प्ले स्कूल की मान्यता के लिए खेलकूद गतिविधियों के लिए प्लेग्राउंड होना अनिवार्य है,प्ले स्कूल के पूर्ण परिसर में सी.सी.टी.वी. कैमरे होना अनिवार्य है,सभी शिक्षक व पूरे स्टाफ की जानकारी व पुलिस वेरिफिकेशन जरुरी होनी चाहिए,पेरेंट्स टीचर एसोसिएशन का गठन भी अनिवार्य है,आपदा व अग्नि सुरक्षा हेतू स्कूल में उचित प्रबंध होना अनिवार्य है,लडक़ों व लड़कियों के लिए चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय का होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधकों को प्ले स्कूल का आवेदन राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार पूर्ण कागजात सहित जिला कार्यक्रम अधिकारी, कुरुक्षेत्र के कार्यालय में जमा करवांए। यदि कोई प्ले स्कूल राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की हिदायतों के प्रति अवहेलना करता है तो उस प्ले स्कूल को गैर-पंजीकृत कर दिया जाएगा। प्ले स्कूल के लिए एनसीपीसीआरडॉटजीओवीडॉटइन पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते है।
फोटो समाचार
20 जुलाई तक 22 से 27 जुलाई के लिए धर्मशालाओं के कमरों की बुकिंग रखें खाली:नेहा सिंह
कुरुक्षेत्र में 23 जुलाई से लेकर 27 जुलाई तक आयोजित होगा अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम,28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से पहुंचेंगे 900 युवा
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025 के मद्देनजर धर्मशालाओं के कमरों की 20 जुलाई तक 22 से 27 जुलाई के लिए बुकिंग ना करें। कुरुक्षेत्र गीता स्थली की पावन धरा पर 23 जुलाई से 27 जुलाई तक अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में होगा। इस कार्यक्रम में देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 900 युवाओं को आमंत्रित किया गया है। इनके ठहरने की व्यवस्था पूरी होने तक कमरों को खाली रखें।
उपायुक्त नेहा सिंह सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर धर्मशालाओं के प्रतिनिधियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 23 जुलाई को अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का सुबह 11 बजे उद्घाटन होगा और इस दौरान विभिन्न प्रदेशों से आए युवाओं के द्वारा मार्च पास्ट निकाला जाएगा। इसी दिन 3 बजे से लेकर 4:30 बजे तक विषय विशेषज्ञ युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे और 5:30 बजे से लेकर 8:30 विभिन्न प्रदेशों से आए युवा अपने-अपने प्रदेश के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई को सुबह 6 बजे से लेकर 7 बजे तक योगा सैशन होगा, 10 बजे से लेकर 11:30 बजे तक पर्यावरण और 11:30 बजे से लेकर 1 बजे तक पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेशों पर मंथन किया जाएगा। इसके उपरांत 3 बजे से लेकर 4:30 बजे तक विभिन्न प्रदेश अपने-अपने प्रदेशों के प्रमुख गतिविधियों और पर्यटन स्थलों की पीपीटी प्रस्तुत करेंगे तथा सायं के समय 5:30 बजे से लेकर 8:30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने कहा कि 25 जुलाई को सुबह के समय योगा और स्किल डेवलपमेंट पर चर्चा की जाएगी और सायं 3 बजे से लेकर 8 बजे तक समापन समारोह का आयोजन होगा, 26 जुलाई को विभिन्न प्रदेशों से आए विद्यार्थी कुरुक्षेत्र के पर्यटन और तीर्थ स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा 27 जुलाई को सभी युवा अपने-अपने प्रदेश को हरियाणा और कुरुक्षेत्र की यादों के साथ वापिस लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि युवाओं के ठहरने के लिए धर्मशालाओं में व्यवस्था की जानी है, सभी जगहों पर साफ-सफाई, पीने के पानी, बिजली, शौचालयों की साफ सफाई, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हैल्प डेस्क स्थापित करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से बनाए रखने, एम्बुलेंस और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंध पूरे करने है। इस मौके पर एसडीएम अमन कुमार, जिला परिषद के सीईओ शम्भू राठी, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, डीएसपी सुनील कुमार सहित धर्मशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
फोटो समाचार
रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने 286 युवाओं में से 244 युवाओं का किया नौकरी के लिए चयन
कुरुक्षेत्र। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य एवं सहायक शिक्षुता सलाहकार जगमोहन ने कहा कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से एक जिला स्तरीय एक दिवसीय पीएम रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य जगमोहन ने कहा कि इस रोजगार मेले में एलीना आटो इंडस्ट्रीज मोहाली, गोदरेज एनट्रप्राइसिस लि मोहाली, पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लि. कुरुक्षेत्र, महेंद्रा एंड महेंद्रा लि. हरिद्वार, रमैया हेल्थकेयर प्राइवेट लि. कुरुक्षेत्र, ट्रांस एसीएनआर दुबई, श्री कृष्ण नाथ इम्पैक्स कुरुक्षेत्र, अवांटे इंटरनेशनल, एआरजीएल गुरुग्राम, क्लासिक इंटीरियर कुरुक्षेत्र, गणपति ऑटोट्रेडर कुरुक्षेत्र, भारत फाइनेंस, डीजी एक्सर्पट, एसआईएस स्कियोरिटी, नेक्टर लाइफ साइंस लिमिटेड मोहाली, इनकॉस वूड टेक्निकल कुरुक्षेत्र आदि कंपनियां इंटरव्यू लेने के लिए आई।
इस रोजगार मेले में जिला कुरुक्षेत्र व आस पास के क्षेत्रों के सभी 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई पास व इस वर्ष में आईटीआई की परीक्षाओं में भाग लेने वाले व अन्य कंपनियों द्वारा निर्धारित योग्यता अनुसार कुल 286 छात्र/छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें से 244 छात्र छात्राओं का चयन हुआ।
उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से समय समय पर हरियाणा राज्य के युवाओं को अधिकतम रोजगार देने के लिए इस प्रकार के मेले लगाए जाते हैं। संस्थान के अप्रेंटिसशिप व प्लेसमेंट सेल से जय किशन व रवि कुमार ने संस्थान के सभी स्टाफ सदस्यों के सहयोग से इस रोजगार मेले को बहुत ही बेहतरीन तरीके से अनुशासन के साथ सम्पन्न कराया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य व जिला रोजगार अधिकारी सीमा सैनी द्वारा सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई दी व उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
फोटो नंबर 19
