चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा का जिला स्तरीय संगठन बनकर तैयार हो गया है। प्रशासनिक दृष्टि से राज्य में 22 जिले हैं, लेकिन भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से 27 जिलों का गठन कर रखा है। करीब ढ़ाई माह पहले भाजपा ने पांच नये संगठनात्मक जिलों हांसी, बल्लभगढ़ (फरीदाबाद महानगर), गुरुग्राम महानगर, गोहाना और डबवाली का गठन किया था।

हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की मंजूरी के बाद सभी जिलाध्यक्षों ने बुधवार को जिला पदाधिकारियों की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष ने पहले दिन नौ और दूसरे दिन 18 जिला प्रधानों तथा जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा की थी।

इस चर्चा से पहले प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ पार्टी पदाधिकारियों के नामों पर विचार-विमर्श किया था। भाजपा के शीर्ष नेताओं की पसंद-नापसंद का ख्याल रखने के साथ ही जातीय संतुलन साधते हुए पार्टी के समर्पित व मेहनती कार्यकर्ताओं को जिला संगठन में दायित्व सौंपे गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने जिला पदाधिकारियों की घोषणा के बाद कहा कि उन्हें बूथ, मंडल, शक्ति केंद्र और जिला स्तरीय कार्यक्रमों के संचालन को गति देने के काम में पूरे जी-जान से जुट जाना चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सैनी और प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया ने सभी जिला पदाधिकारियों को बधाई दी है।

हरियाणा में भाजपा अध्यक्ष की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद संभव है। नये अध्यक्ष के बाद प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों की घोषणा नये सिरे से की जाएगी। फिलहाल संगठन मंत्री का दायित्व फणीन्द्रनाथ शर्मा और प्रदेश महामंत्री का दायित्व डॉ. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पुनिया और कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी निभा रहे हैं।

संगठन के गठन का काम पूरा होने के बाद जल्दी ही शहरी निकायों में मनोनीत होने वाले पार्षदों की सूची जारी हो सकती है। इसके बाद बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैनों की सूची जारी की जाएगी। करीब एक दर्जन चेयरमैन धीरे-धीरे घोषित किए जाएंगे। जिला ग्रीवेंसिज कमेटियों के सदस्यों की नियुक्तियों का काम पूरा किया जा चुका है और अब मार्केट कमेटियों में भी नियुक्तियां होने वाली हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में करीब 600 पदाधिकारियों की नियुक्तियों पर कहा कि सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को आधार बनाकर पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को नई ऊर्जा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएंगे।

प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ता संगठन को नई मजबूती प्रदान करते हुए विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति हैं। हमारा दायित्व है कि सभी केंद्र की मोदी और प्रदेश की नायब सरकार की विकासोन्मुखी योजनाओं का लाभ जनता को दिलाएं।

By Dr. Rajesh Wadhwa

778-779, Partap Colony, Railway Road, Near Rudra Cinema, Opp Chaat King India Row, Kurukshetra 136118 Mob. 9896352867, 9467040367

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *